दलीप ट्रॉफी 202627 से पहले वैभव सूर्यवंशी ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। ईस्ट जोन के उपकप्तान वैभव नेट्स में डिफेंस मजबूत करने पर खास फोकस कर रहे हैं।

Vaibhav Sooryavanshi started prepartions for Duleep Trophy: टीम इंडिया के 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी अब दलीप ट्रॉफी 202627 में अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाने के लिए तैयार हैं। इंग्लैंड दौरे पर इंटरनेशनल डेब्यू करने के बाद जिम्बाब्वे के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करने वाले वैभव को इस टूर्नामेंट के लिए ईस्ट जोन टीम का उपकप्तान बनाया गया है। ऐसे में उनकी नजरें घरेलू क्रिकेट के इस बड़े मंच पर खुद को साबित करने पर होंगी।

हालांकि, रेड बॉल क्रिकेट में वैभव का प्रदर्शन अभी तक उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। यही वजह है कि दलीप ट्रॉफी से पहले युवा बल्लेबाज अपनी तकनीक पर खास काम कर रहे हैं। वैभव ने अभ्यास का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है, जिसमें वह नेट्स पर बल्लेबाजी करते हुए नजर आ रहे हैं और इस दौरान उनका पूरा फोकस डिफेंस को मजबूत करने पर दिखाई दे रहा है।

Vaibhav Sooryavanshi दलीप ट्रॉफी के लिए कर रहे हैं जमकर प्रैक्टिस

दलीप ट्रॉफी के लिए वैभव ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो में वह नेट्स पर गेंदों को मजबूती से डिफेंस करते हुए नजर आए। हालांकि, उन्होंने अटैकिंग शॉट्स पर भी काम किया, लेकिन इस अभ्यास में उनका मुख्य फोकस डिफेंस को बेहतर करने पर रहा। वीडियो के साथ वैभव ने ‘Preparation’ कैप्शन लिखा। व्हाइट बॉल क्रिकेट में अपनी पहचान बनाने के बाद अब वह रेड बॉल क्रिकेट की चुनौतियों के लिए खुद को तैयार कर रहे हैं।

जिम्बाब्वे सीरीज में Vaibhav Sooryavanshi का प्रदर्शन रहा था शानदार

वैभव ने हाल ही में जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल सीरीज में शानदार बल्लेबाजी की थी। इंग्लैंड दौरे पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाने के बाद उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन पारियों में 151 रन बनाए और सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। इस दौरान उनका औसत 50.33 और स्ट्राइक रेट 196.10 का रहा। उन्होंने एक पारी में 81 रन भी बनाए थे। शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया था।

ईशान किशन करेंगे ईस्ट जोन की कप्तानी

दलीप ट्रॉफी 202627 के लिए ईस्ट जोन की कमान विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन को सौंपी गई है, जबकि वैभव सूर्यवंशी को टीम का उपकप्तान बनाया गया है। टूर्नामेंट की शुरुआत 23 अगस्त से होगी और ईस्ट जोन अपने अभियान की शुरुआत नॉर्थ ईस्ट जोन के खिलाफ करेगा। वैभव के लिए यह टूर्नामेंट खास होगा, क्योंकि वह रेड बॉल क्रिकेट में अपने आंकड़ों को बेहतर करना चाहेंगे।

फर्स्ट क्लास क्रिकेट में सुधार पर होगी नजर

वैभव ने अभी तक अपने फर्स्ट क्लास करियर में 8 मैच खेले हैं, जिनकी 12 पारियों में उनके नाम 17.25 के औसत से 207 रन हैं। ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। ऐसे में दलीप ट्रॉफी उनके लिए लंबे प्रारूप में अपनी बल्लेबाजी को निखारने का बड़ा मौका होगी। डिफेंस पर लगातार काम करके वैभव पारी को लंबा खींचने और रेड बॉल क्रिकेट में अपनी तकनीक को मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं। अगर वह दलीप ट्रॉफी में अच्छा प्रदर्शन करने में सफल रहते हैं, तो यह उनके फर्स्ट क्लास करियर के लिए अहम मोड़ साबित हो सकता है।