Andhra Pradesh Crime News: आंध्र प्रदेश के प्रकाशम जिले अंतर्गत चिमाकुर्थी मंडल से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां पैसों और सोने के गहनों के लालच में एक दामाद ने अपनी ही सास की बेरहमी से हत्या कर दी. अय्याशी और पार्टी करने के आदी दामाद ने अपनी प्रेमिका के साथ मिलकर घर में अकेली महिला पर हमला किया और तकिए से मुंह दबाकर उनकी हत्या कर दी. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

घटना प्रकाशम जिले के चिमाकुर्थी मंडल अंतर्गत गंगावरम रोड की है. यहां की रहने वाली शेख मीराबी 21 अगस्त की शाम को अपने घर में अकेली थीं. उनके पति शेख मिरावली किसी काम से बाहर गए हुए थे. पति के घर पर न होने का फायदा उठाते हुए मीराबी का छोटा दामाद शेख मस्तानवाली और उसकी प्रेमिका कुमारी चुपके से घर में दाखिल हुए. दोनों ने अकेली मीराबी पर जानलेवा हमला कर दिया और चेहरे पर तकिया रखकर तब तक दबाए रखा जब तक कि सांसें थम नहीं गईं.

सोने के गहने लूटे और हो गए फरार

हत्या करने के बाद दोनों आरोपियों ने मीराबी के कानों से दो सोने की बालियां और गले से सोने की चेन उतर ली और मौके से फरार हो गए. जब मीराबी के पति शेख मिरावली घर लौटे तो पत्नी का शव देखकर सन्न रह गए. उनकी शिकायत के आधार पर चिमाकुर्थी पुलिस ने मामला दर्ज कर सघन जांच शुरू की. पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तकनीकी सर्विलांस का सहारा लिया.

गहने गिरवी रखने से इनकार बना मौत की वजह

पुलिस जांच में चौंकाने वाली सच्चाई सामने आई. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक दामाद मस्तानवाली और उसकी प्रेमिका कुमारी को अय्याशी और पार्टी करने का चस्का था. पैसों की तंगी पूरी करने के लिए उनकी नजर मीराबी के सोने के गहनों पर थी. मस्तानवाली ने अपनी सास मीराबी से सोने के गहने गिरवी रखने के लिए मांगे थे, लेकिन मीराबी ने साफ इनकार कर दिया था. इसी बात से खुन्नस खाकर दामाद ने अपनी प्रेमिका संग मिलकर हत्या का खौफनाक प्लान बनाया.

गहने बेचने जाते समय चढ़े पुलिस के हत्थे

पुलिस मस्तानवाली की संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही थी. जैसे ही वह चोरी किए गए सोने के गहने बेचने के लिए निकला, पुलिस ने घेराबंदी करके एर्रागुडीपाडु बाईपास के पास से मस्तानवाली और उसकी प्रेमिका कुमारी दोनों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपियों के पास से मृतका के सोने के गहने जब्त कर लिए हैं और दोनों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है.

ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं।