Featured Image

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के परिवार में राजनीतिक विवाद अब खुलकर सामने आ गया है. इमरान मसूद के दामाद शायान मसूद और चचेरे भाई व समधी शदान मसूद के समाजवादी पार्टी में शामिल होने के बाद सांसद को निशाना बनाए जाने से नाराज गंगोह नगर पालिका अध्यक्ष और इमरान मसूद के भाई नोमान मसूद के बेटे हमजा मसूद ने मोर्चा खोल दिया है. हमजा ने सोशल मीडिया पर करीब 10 मिनट का एक वीडियो जारी कर कई गंभीर आरोप लगाए हैं.

हमजा मसूद ने वीडियो में दावा किया कि उनकी बहन के साथ पिछले पांच साल से ज्यादती हो रही है और जिन लोगों को मीडिया में इमरान मसूद का दामाद बताया जा रहा है, वे ही उनकी बहन पर कथित तौर पर जुल्म कर रहे हैं. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बहन को गालियां देकर घर से निकाला गया और उसके बेटे के साथ भी ज्यादती की जा रही है. हमजा ने यह भी आरोप लगाया कि इमरान मसूद को राजनीतिक रूप से खत्म करने की साजिश रची जा रही है और उनके पास इससे जुड़े वीडियो और कथित गुप्त बैठकों की रिकॉर्डिंग मौजूद है.

हमजा मसूद ने क्या आरोप लगाए?

हमजा ने अपने वीडियो में कहा कि वह अब तक चुप थे, लेकिन मौजूदा परिस्थितियां अब बर्दाश्त से बाहर हो गई हैं. उन्होंने कहा कि उनके पिता अस्पताल में भर्ती हैं, लेकिन इसके बावजूद इमरान मसूद को निशाना बनाने की कोशिश की जा रही है. हमजा ने दावा किया कि उनकी बहन के साथ हुई कथित ज्यादती से जुड़े कई वीडियो उनके पास मौजूद हैं.

उन्होंने कहा कि इमरान मसूद को खत्म करने के लिए क्या-क्या गुप्त बैठकें हुईं, इसकी रिकॉर्डिंग भी उनके पास है. हमजा ने कहा कि वह जल्द ही इन सभी वीडियो को सार्वजनिक करेंगे और उनकी बहन के साथ कथित तौर पर ज्यादती करने वालों को बेनकाब करेंगे.

अखलेश यादव पर क्या कहा?

हमजा मसूद ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव खुद को महिलाओं का समर्थक बताते हैं, लेकिन उनकी बहन के साथ कथित तौर पर ज्यादती करने वाले लोगों को समाजवादी पार्टी में शामिल किया जा रहा है.

हमजा ने कहा कि राशिद मसूद बहुत बड़े नेता थे और वह उनके बारे में कुछ नहीं कहना चाहते. हालांकि, उन्होंने दावा किया कि राशिद मसूद की राजनीति उनके दादा राशिद मसूद की वजह से चली थी. हमजा ने आरोप लगाया कि आज राशिद मसूद का परिवार इमरान मसूद को राजनीतिक रूप से खत्म करने की बात कर रहा है, जिसे वह बर्दाश्त नहीं करेंगे.

‘अपनी बहन और उसके बेटे को कोई कष्ट नहीं होने दूंगा’

हमजा ने कहा कि उनकी बहन और उसके बेटे की जिम्मेदारी वह उठा सकते हैं. उन्होंने कहा कि वह अपनी बहन को किसी तरह का कष्ट नहीं होने देंगे और उन्हें बेहतर तरीके से पालने में सक्षम हैं. उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें और उनके परिवार को काफी समय से गालियां दी जा रही हैं और वह करीब पांच साल से इसे सहन कर रहे हैं. हमजा ने कहा कि अब उनके लिए इसे और बर्दाश्त करना संभव नहीं है. उन्होंने दावा किया कि वह जल्द ही सारे वीडियो सार्वजनिक करेंगे और मामले से जुड़े लोगों को बेनकाब करेंगे.

शायान मसूद ने आरोपों पर क्या दिया जवाब?

हमजा मसूद के वीडियो के सामने आने के बाद शायान मसूद ने भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने हमजा को ‘छोटा भाई’ कहते हुए कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन परिवार से जुड़ी बातों को सार्वजनिक करना सही नहीं है. शायान ने कहा कि उनके पास भी कई रिकॉर्डिंग हैं, लेकिन वह उन्हें सार्वजनिक करना उचित नहीं समझते. उन्होंने कहा कि अगर राजनीतिक लड़ाई का सामना करने की हिम्मत नहीं है तो परिवार को निशाना बनाना सही रास्ता नहीं है.

‘मेरा स्तर वो नहीं कि घर की बातें बाजार में उछालूं’

शायान मसूद ने हमजा को नसीहत देते हुए कहा कि राजनीतिक मतभेद होने के बावजूद एक स्तर और उचित आचरण बनाए रखना चाहिए. उन्होंने कहा कि हमजा की हर बात का जवाब उनके पास है, लेकिन वह उस स्तर तक नहीं गिरेंगे. शायान ने कहा कि घर के अंदर की बातें बाजार में उछालना उनके मयार का हिस्सा नहीं है. उन्होंने दावा किया कि हमजा के पास उनकी राजनीतिक बातों का जवाब नहीं है, इसलिए वह इस तरह की बातें कर रहे हैं. शायान ने कहा कि जब परिवार के लोग आमने-सामने बैठकर बात करेंगे, तब वह हमजा की एक-एक बात का जवाब देंगे.

उन्होंने हमजा से अपने गिरेबान में झांकने को भी कहा और छह महीने पहले उनके घर में चल रही परिस्थितियों का जिक्र किया. हालांकि, शायान ने कहा कि वह उन बातों को सार्वजनिक नहीं करना चाहते और न ही उस स्तर तक जाना चाहते हैं.

‘राजनीतिक लड़ाई लड़नी है तो सामने आकर लड़िए’….

शायान मसूद ने कहा कि अगर हमजा को राजनीतिक लड़ाई लड़नी है तो उन्हें सामने आकर राजनीतिक तौर पर मुकाबला करना चाहिए. उन्होंने कहा कि राजनीतिक विवाद को परिवार से जुड़ी निजी बातों तक ले जाना उचित नहीं है.

उन्होंने कहा कि अगर हमजा के पास उनके खिलाफ कोई बात है तो वह घर के अंदर बैठकर उसका जवाब देंगे, लेकिन परिवार की निजी बातों को सार्वजनिक करना सही नहीं है. शायान ने कहा कि हमजा ने जिस तरह की बातें सार्वजनिक की हैं, उससे उन्हें अफसोस हुआ है.

हमजा मसूद और शायान मसूद के इन बयानों के बाद सहारनपुर जिले की राजनीति में परिवार के बीच चल रहा विवाद खुलकर सामने आ गया है. एक तरफ हमजा मसूद ने अपनी बहन के साथ कथित ज्यादती और इमरान मसूद को राजनीतिक रूप से निशाना बनाए जाने के गंभीर आरोप लगाए हैं, वहीं शायान मसूद ने इन बातों को सार्वजनिक करने पर सवाल उठाते हुए कहा है कि राजनीतिक लड़ाई को परिवार की निजी बातों तक नहीं ले जाना चाहिए.