
Kanpur : उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में एक बेहद सनसनीखेज और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां अपनी मां को उसके प्रेमी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लेने वाले 14 वर्षीय किशोर की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। शातिर मां ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया और बाद में इसे बीमारी से हुई सामान्य मौत का रूप देने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की पैनी नजर ने इस राज से पर्दा उठा दिया।
आटा चक्की से लौटने के बाद रची गई साजिश
महाराजपुर थाना क्षेत्र के विपौसी गांव के रहने वाले सर्वेश निजी कंपनी में नौकरी के सिलसिले में गुजरात में रहते हैं। उनका 14 वर्षीय बेटा सत्यम कक्षा आठ का छात्र था, जो घर पर अपनी मां और दो छोटे भाइयों के साथ रहता था। गुरुवार शाम करीब पांच बजे सत्यम आटा चक्की से आटा लेकर घर लौटा था। इसके कुछ ही देर बाद परिजनों ने उसकी अचानक तबीयत बिगड़ने और मौत होने की बात फैलानी शुरू कर दी।
मां और उसके प्रेमी ने मिलकर उतारा मौत के घाट
पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल के अनुसार, जब पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच की तो चौंकाने वाला सच सामने आया। सत्यम ने अपनी मां को उसके प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। मां को इस बात का डर सता रहा था कि किशोर इस बारे में परिवार और रिश्तेदारों को बता देगा। ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। इसी राज को छिपाने के लिए पहले सत्यम को डांटा-डपटा गया, फिर उसकी बेरहमी से पिटाई की गई और अंत में मां ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसका गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। वारदात को छिपाने के लिए यह कहानी गढ़ी गई कि चारपाई पर लेटे-लेटे उसकी अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हुई है।
गले के निशान और पोस्टमार्टम ने खोला राज
मृतक के गले पर संदिग्ध चोट और खरोंच के निशान मिलने के बाद पुलिस का शक गहरा गया। आनन-फानन में फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया और साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस की पूछताछ और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर यह साफ हो गया कि यह कोई सामान्य मौत नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है। हैरान करने वाली बात यह भी सामने आई कि हत्या के ठीक बाद आरोपी प्रेमी अपने घर भागा और वहां उसने भी फंदा लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया, हालांकि समय रहते परिजनों की नजर पड़ने पर उसे बचा लिया गया। पुलिस अब इन सभी कड़ियों को जोड़ते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।



