Bijnor News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के मंडावली थाना क्षेत्र अंतर्गत नयागांव उर्फ मिर्जापुर सैद से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक बंद मकान के अंदर कमरे में चारपाई पर महिला का संदिग्ध परिस्थितियों में शव बरामद हुआ है. शव कई दिन पुराना होने के कारण बुरी तरह सड़गल चुका था और उसमें कीड़े पड़ चुके थे, जिससे पूरे इलाके में दुर्गंध फैल गई.

मृतका की पहचान शहनाज परवीन के रूप में हुई है. वह अपने पति अहमद हसन और बच्चों के साथ उत्तराखंड के श्रीनगर में रहती थी. जमीन से जुड़े किसी काम के सिलसिले में यह दंपत्ति बीते मंगलवार को ही अपने पैतृक गांव आया था. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। शहनाज के छह बच्चे हैं और उनके तीनों बेटे श्रीनगर में ही काम करते हैं.
बुधवार शाम शहनाज की अपने बड़े बेटे आसिफ से फोन पर आखिरी बार बातचीत हुई थी. इसके बाद जब आसिफ श्रीनगर से अपने गांव पहुंचा, तो मकान के मुख्य दरवाजे पर बाहर से ताला लटका मिला. आसिफ के पास घर की दूसरी चाबी थी. जैसे ही उसने ताला खोलकर कमरे में प्रवेश किया, अंदर का दृश्य देखकर उसके पांव तले जमीन खिसक गई. चारपाई पर उसकी मां का अर्धनग्न और सड़ागला शव पड़ा हुआ था.
‘पिता जुआरी और शक्की, जुए में बेचा था घर’
घटना के तुरंत बाद आसिफ ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी और अपने पिता अहमद हसन पर मां की हत्या का सीधा आरोप लगाया. आसिफ ने बताया कि उसका पिता बेहद शक्की स्वभाव का था और अक्सर मां के साथ मारपीट करता था. इससे पहले भी वह कई बार मां को जान से मारने की कोशिश कर चुका था. बेटे का आरोप है कि उसका पिता जुए और अय्याशी का आदी था और जुए के चक्कर में उसने अपना पुराना मकान भी बेच दिया था. वारदात के बाद से ही आरोपी पिता का मोबाइल बंद है और वह मौके से फरार है.
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही मंडावली थाना अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. शव की गंभीर स्थिति को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है. थानाध्यक्ष के अनुसार मौत के सही कारणों और समय की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही हो सकेगी. परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और फरार पति की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगा दी गई हैं.



