Firozabad News: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में राजकीय मेडिकल कॉलेज में हॉस्टल चेकिंग और कमरों से इंडक्शन चूल्हे जब्त किए जाने के विरोध में MBBS छात्रछात्राओं ने मोर्चा खोल दिया. मंगलवार को बड़ी संख्या में मेडिकल छात्रछात्राएं कॉलेज परिसर में धरने पर बैठ गए और पढ़ाई का बहिष्कार करते हुए जमकर नारेबाजी की. छात्रछात्राओं का आरोप है कि बीती रात मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल के निर्देश पर छात्रावास के कमरों की चेकिंग की गई.

छात्रों ने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रिंसिपल के निर्देश पर हॉस्टल में रहने वाले छात्रों के इंडक्शन चूल्हे जब्त कर लिए गए. वहीं ये भी आरोप है कि इस दौरान कई कमरों में रखे इंडक्शन चूल्हे जब्त करने का विरोध करने पर अभद्रता भी की गई. छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया कि महिला छात्रावास के कमरों की चेकिंग पुरुष सुरक्षा गार्डों से कराई गई, जिसको लेकर छात्राओं में नाराजगी है.

धरने पर बैठे छात्र

धरने पर बैठे छात्रों का कहना है कि हॉस्टल में रहने के दौरान वे बिजली का बिल भी अदा करते हैं. ऐसे में उनका तर्क है कि यदि बिजली का भुगतान किया जा रहा है तो इंडक्शन चूल्हे के इस्तेमाल पर आपत्ति क्यों की जा रही है. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। छात्रों ने हॉस्टल में चेकिंग की प्रक्रिया और महिला छात्रावास में पुरुष गार्डों द्वारा चेकिंग कराए जाने पर सवाल उठाए हैं.

छात्रछात्राओं ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. उनका कहना है कि जब तक मामले में उचित समाधान नहीं होता, तब तक उनका विरोध जारी रह सकता है.

प्रिंसिपल के खिलाफ की नारेबाजी

फिलहाल मेडिकल कॉलेज परिसर में छात्रछात्राओं का धरना और नारेबाजी जारी है. वहीं, इस पूरे मामले को लेकर मेडिकल कॉलेज प्रशासन की ओर से अभी तक मीडिया के सामने कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. प्रशासन का पक्ष सामने आने के बाद ही मामले की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी.