भारतीय कार मार्केट में जल्द ही एक नई कंपनी की एंट्री होने वाली है. अगर आप दमदार लुक और नई टेक्नोलॉजी वाली SUV पसंद करते हैं, तो JSW Motors की आने वाली Combat SUV आपके लिए दिलचस्प हो सकती है. JSW Group की नई कार कंपनी JSW Motors ने भारत में अपनी शुरुआत से पहले आधिकारिक लोगो पेश कर दिया है. कंपनी 3 दिसंबर 2026 को भारतीय बाजार में कदम रखने की तैयारी कर रही है. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। वहीं, इसकी पहली SUV Combat को अगले दिन यानी 4 दिसंबर को दुनिया के सामने लाया जाएगा. खास बात यह है कि इस SUV में पेट्रोल इंजन के साथ इलेक्ट्रिक मोटर भी मिलेगी, जिससे लंबी दूरी तय करना आसान हो सकता है.

कैसा है JSW Motors का नया लोगो?

JSW Motors ने अपने लोगो को काफी सिंपल और मॉडर्न रखा है. इसमें ब्लैक और व्हाइट कलर का इस्तेमाल किया गया है, जबकि टील कलर भी इसकी पहचान का हिस्सा है. लोगो में बड़े और साफ अक्षरों का इस्तेमाल किया गया है. कंपनी के मुताबिक, यह लोगो 3 दिसंबर को उसके पहले प्रोडक्ट पर दिखाई देगा. इसके बाद इसे कंपनी की डीलरशिप और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी इस्तेमाल किया जाएगा.

JSW Motors का कहना है कि वह भारत में एक ऐसी कार कंपनी बनाना चाहती है, जो शानदार टेक्नोलॉजी और बेहतर इंजीनियरिंग के लिए जानी जाए. इसके लिए कंपनी नई तकनीक, भारत में गाड़ियों के निर्माण और ज्यादा से ज्यादा पार्ट्स की स्थानीय स्तर पर तैयारी पर ध्यान देगी.

कंपनी के अधिकारियों ने क्या कहा?

JSW Group के चेयरमैन सज्जन जिंदल का कहना है कि भारतीय ग्राहकों को सिर्फ सस्ती गाड़ियां ही नहीं, बल्कि दुनिया की बेहतरीन टेक्नोलॉजी भी मिलनी चाहिए. कंपनी का मकसद अच्छी तकनीक वाली गाड़ियों को ज्यादा से ज्यादा भारतीय ग्राहकों की पहुंच में लाना है. ब्रांड के लोगो को तैयार करने की जिम्मेदारी संभालने वाले पार्थ जिंदल के मुताबिक, यह नई पहचान बदलते भारत के आत्मविश्वास और उम्मीदों को दिखाती है. कंपनी आने वाले समय में नई एनर्जी वाली गाड़ियां पेश करने की तैयारी कर रही है.

वहीं, JSW Motors के CEO रंजन नायक ने बताया कि कंपनी दुनिया की बेहतरीन तकनीक भारत लाने के साथ देश में अपनी तकनीकी क्षमता भी विकसित करना चाहती है.

कैसी होगी JSW की पहली Combat SUV?

JSW Motors की पहली गाड़ी Combat एक दमदार डिजाइन वाली SUV होगी. यह विदेशों में बिकने वाली Chery Jetour T2 पर आधारित होगी. कंपनी इसे महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर स्थित अपने प्लांट में असेंबल करेगी. हालांकि, कंपनी ने अभी Combat का पूरा डिजाइन आधिकारिक तौर पर नहीं दिखाया है. लेकिन टेस्टिंग के दौरान सामने आई तस्वीरों और विज्ञापन की शूटिंग से लीक हुए वीडियो से इसके लुक का अंदाजा मिलता है.

उम्मीद है कि Combat का ज्यादातर डिजाइन Jetour T2 जैसा होगा. हालांकि, इसकी हेडलाइट्स, बंपर, अलॉय व्हील्स और लाइटिंग डिजाइन में कुछ बदलाव देखने को मिल सकते हैं. सबसे खास बात यह होगी कि सामने Jetour की जगह बड़े अक्षरों में COMBAT लिखा मिलेगा.

पेट्रोल और इलेक्ट्रिक मोटर से मिलेगी जबरदस्त पावर

नई JSW Combat की सबसे बड़ी खासियत इसका प्लगइन हाइब्रिड सिस्टम हो सकता है. इसमें 1.5 लीटर का टर्बोपेट्रोल इंजन, दो इलेक्ट्रिक मोटर और 18.4 kWh का बैटरी पैक मिलने की उम्मीद है.

इस सेटअप से कुल 360 hp की पावर और 610 Nm का टॉर्क मिलेगा. कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर बैटरी की कैपेसिटी और पावरटॉर्क के आंकड़ों की पुष्टि की गई है. SUV में 3स्पीड डेडिकेटेड हाइब्रिड ट्रांसमिशन मिलेगा. इसका फायदा यह होगा कि गाड़ी पेट्रोल इंजन और इलेक्ट्रिक मोटर की मदद से चल सकेगी.

सिर्फ बैटरी पर कितनी दूर चलेगी Combat?

JSW Combat में मिलने वाली 18.4 kWh बैटरी से NEDC टेस्ट के मुताबिक करीब 90 किलोमीटर की इलेक्ट्रिक रेंज मिलने का दावा है. यानी बैटरी चार्ज होने पर यह बिना पेट्रोल इंजन की मदद के भी कुछ दूरी तय कर सकेगी.

इसके अलावा SUV में 70 लीटर का फ्यूल टैंक मिलने की उम्मीद है. पेट्रोल और बैटरी दोनों की मदद से इसकी कुल रेंज 1,100 किलोमीटर से ज्यादा हो सकती है.