झारखंड की राजधानी रांची में चोरों ने पुलिस को भी नहीं बख्शा. यहां चोरों ने एक दरोगा के घर में घुसकर करीब 20 लाख रुपये से अधिक कीमत का माल पार कर दिया है. वारदात के वक्त दरोगा शशि गुप्ता अपने परिवार के साथ कहीं बाहर गए थे. यह वारदात रांची के चुटिया थाना क्षेत्र का है. सूचना मिलने पर पहुंची ने फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की मदद से मामले की जांच शुरू कर दी है.

पुलिस के मुताबिक चोरों ने दरोगा शशि गुप्ता के बंद मकान का ताला तोड़कर अलग अलग कमरों को खंगाल डाला. इस दौरान चोरों ने घर में रखे कीमती सामान एवं जेवरात के अलावा नकदी समेटा और मौके से फरार हो गए. दरोगा ने पुलिस को दिए बयान में 20 लाख रुपए से अधिक की चोरी होने की जानकारी दी है. पीड़ित दरोगा शशि गुप्ता की पोस्टिंग इस समय हजारीबाग जिले में है.

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

दरोगा शशि गुप्ता ने बताया कि रांची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित पटेल कंपाउंड में उनका घर है. हजारीबाग में पोस्टिंग की वजह से उनका परिवार हजारीबाग आया था. इस दौरान चोरों ने विधिवत रेकी कर उनके बंद मकान में ताला तोड़कर इस वारदात को अंजाम दिया है. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है. उन्होंने कैमरे की फुटेज भी पुलिस को सौंपी है.

जांच में जुटी पुलिस

चुटिया थाना पुलिस के मुताबिक एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है. मौके से फिंगरप्रिंट समेत कई अन्य सबूत उठाए गए हैं. इसके अलावा सीसीटीवी फुटेज से चोरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. शशि गुप्ता के मुताबिक उनकी अनुपस्थिति में उनके एक रिश्तेदार घर देखने पहुंचे थे. उन्हें मुख्य गेट का ताला टूटा देखकर शक हुआ. अंदर जाकर देखा तो वारदात की जानकारी हुई. पुलिस के मुताबिक मामले की जांच कराई जा रही है.