कोच्चि/एर्नाकुलम: केरल के एर्नाकुलम जिले में गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। शादी समारोह में शामिल होने जा रही करीब 35 यात्रियों से भरी एक टूरिस्ट बस अचानक सड़क पर मुड़े दोपहिया वाहन को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हो गई और पेट्रोल पंप के किनारे से टकराकर पलट गई। हादसे में बच्चों और बुजुर्गों समेत कम से कम 20 यात्री घायल हो गए।

बताया गया कि बस में कलाडी का एक समूह सवार था, जो शादी में शामिल होने जा रहा था। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने बताया कि दोपहिया वाहन चालक के अचानक मुड़ने पर बस चालक ने टक्कर से बचने के लिए ब्रेक लगाए और बस को मोड़ दिया। इसके बाद बस सड़क से उतरकर पेट्रोल पंप के हिस्से से जा टकराई।

हादसे के बाद बस पलटने से कई यात्री घायल हो गए और स्थानीय लोग तुरंत बचाव के लिए मौके पर पहुंचे। घायलों को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया। ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य परिस्थितियों की जांच कर रही है।