
UP Crime News: फतेहाबाद में रक्षाबंधन के दौरान हुई लूट की घटनाओं ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी थी. जांच आगे बढ़ी तो वारदातों के पीछे रिश्तेदारों का गिरोह सामने आया. पुलिस ने मामा-भांजे से जुड़े इस गिरोह के दो आरोपियों को पकड़ लिया. लूट का सामान खरीदने वाले एक सुनार को भी गिरफ्तार किया गया है. आरोपियों के पास से तमंचे, कारतूस, नकदी और सोने-चांदी के आभूषण बरामद हुए हैं.
दो बाइक से पहुंचते थे वारदात वाली जगह
एसीपी फतेहाबाद इमरान अहमद के अनुसार, रक्षाबंधन के दौरान थाना क्षेत्र में हुई लूट की घटनाओं की जांच के बीच पुलिस को आरोपियों के बारे में अहम सूचना मिली. मंगलवार को प्रतापपुरा पुलिया के पास सर्विलांस सेल, एसओजी और फतेहाबाद थाना पुलिस ने चेकिंग शुरू की. इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे. घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया गया. पकड़े गए आरोपियों की पहचान थाना निबोहरा क्षेत्र के बमुरियाई निवासी भाव सिंह और भीमसेन के रूप में हुई. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। भाव सिंह के पास से 315 बोर का तमंचा, दो कारतूस, 3600 रुपये, सोने की नथनी और चांदी की करधनी मिली. भीमसेन के कब्जे से 3500 रुपये, सोने की अंगूठी, तमंचा और कारतूस बरामद किए गए.
मामा के साथ मिलकर करता था लूट
पूछताछ में भीमसेन ने बताया कि जेल भेजा जा चुका वीकेश उसका सगा भांजा है. उसके मुताबिक, वीकेश अपने मामा के साथ मिलकर लूट की वारदातों में शामिल था. गिरोह के सदस्य दो मोटरसाइकिलों पर निकलते थे. एक बाइक पर दो लोग इलाके और घटनास्थल पर नजर रखते थे, जबकि दूसरी बाइक से आए सदस्य लूट की वारदात को अंजाम देते थे. इसके बाद सभी अलग-अलग बाइक से मौके से निकल जाते थे.
पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी दूसरे गांव के सत्य प्रकाश निवासी नेहरे का पुरा और राकेश निवासी डंगनियापुरा के घरों में रुकते थे. लूटे गए आभूषणों को वे अपनी बहन की मदद से पड़ोसी गांव के सुनार शिवकुमार के पास बेचते थे. शिवकुमार बाग कॉलोनी, कस्बा फतेहाबाद का रहने वाला है. पुलिस ने लूट का सामान खरीदने के आरोप में उसे भी गिरफ्तार किया है.
मौज-शौक के लिए बनाते थे लूट की योजना
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे मौज-शौक पूरा करने के लिए लूट की घटनाओं को अंजाम देते थे. पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर लूट की अन्य घटनाओं और गिरोह से जुड़े लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस के अनुसार, भीमसेन इंटर पास है, जबकि भाव सिंह ने कक्षा सात तक पढ़ाई की है.



