Featured Image

हर वक्त थकान, सुस्ती या कमजोरी महसूस होने पर मीठे और पैकेज्ड ड्रिंक्स का सहारा लेने के बजाय कुछ हेल्दी होममेड ड्रिंक्स को डाइट में शामिल किया जा सकता है। डायटीशियन के मुताबिक, ये आसान घरेलू ड्रिंक्स शरीर को हाइड्रेट रखने और एनर्जी लेवल को सपोर्ट करने में मदद कर सकते हैं।

शरीर में एनर्जी कम होने पर रोजाना के आसान काम भी थकाऊ लगने लगते हैं। लोग ऐसे में अक्सर सोचते हैं कि सुस्त शरीर में एनर्जी बढ़ाने के लिए क्या खाएं या पिएं? कई बार लोग मीठे या पैकेज्ड ड्रिंक्स का सेवन करते हैं, लेकिन ये लंबे समय तक शरीर में एनर्जी बनाए रखने का बेहतर विकल्प नहीं होते। इसके बजाय घर पर बने हेल्दी ड्रिंक्स को डाइट में शामिल किया जा सकता है। सेलिब्रिटी न्यूट्रिशनिस्ट श्वेता शाह ने तीन होममेड ड्रिंक्स बताए हैं, जो शरीर को हाइड्रेट रखने के साथ एनर्जी लेवल को सपोर्ट करने में मदद कर सकते हैं।

एनर्जी से भरपूर रहने के लिए इन ड्रिंक्स का करें सेवन

  • भिंडी शरबत: श्वेता शाह के मुताबिक, भिंडी पाउडर को पानी में मिलाकर ड्रिंक तैयार किया जा सकता है। भिंडी में घुलनशील फाइबर पाया जाता है, जो भोजन से ग्लूकोज के अवशोषण को धीमा करने में मदद कर सकता है। ऐसे में यह ब्लड शुगर को मैनेज करने वाली डाइट का हिस्सा हो सकता है। हालांकि, इसे ग्लूकोज पाउडर का सीधा विकल्प नहीं माना जाना चाहिए।

  • जलाब ड्रिंक: इस ड्रिंक को तैयार करने के लिए खजूर, काली किशमिश और पुदीने का इस्तेमाल किया जाता है। खजूर और काली किशमिश में प्राकृतिक शर्करा जैसे ग्लूकोज और फ्रुक्टोज मौजूद होते हैं, जो शरीर को जल्दी उपलब्ध होने वाली ऊर्जा दे सकते हैं। इनमें फाइबर और पोटेशियम जैसे पोषक तत्व भी पाए जाते हैं, जो पाचन और ओवरऑल हेल्थ को सपोर्ट करते हैं। पुदीना इस ड्रिंक को ताजगी और बेहतर स्वाद देता है।

  • छाछ: श्वेता शाह छाछ को भी एक हल्के और रिफ्रेशिंग ड्रिंक के तौर पर लेने की सलाह देती हैं। इसे गाढ़ी और भारी लस्सी की बजाय पतली छाछ के रूप में लेना बेहतर है। ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। इसके लिए छाछ में पर्याप्त पानी मिलाएं और स्वाद के लिए पुदीना, भुना जीरा और एक चुटकी नमक डाल सकते हैं। छाछ में पानी की मात्रा अधिक होती है और इसमें सोडियम व पोटेशियम जैसे इलेक्ट्रोलाइट्स भी पाए जाते हैं। इसलिए यह शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद कर सकती है।