
Maharashtra Crime: महाराष्ट्र के नागपुर में रिश्ते को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां शराब के नशे में एक शख्स ने अपनी 17 साल की नाबालिग बेटी से कथित तौर पर छेड़खानी की कोशिश की. यही नहीं विरोध करने पर आरोपी ने पिता ने बेटी के साथ मारपीट भी की. इसके बाद बेटी ने क्रिकेट बैट से पिता पर हमला कर दिया, जिसमें उसकी मौत हो गई.
पूरा मामला नागपुर के एमआईडीसी थाना क्षेत्र का है. पुलिस के मुताबिक, लड़की 12वीं कक्षा में पढ़ती है. मृतक की पहचान 45 वर्षीय जयपाल बारेलाल खोलपिटणे के रूप में हुई है.
शराब का आदी था जयपाल
बताया जा रहा है कि जयपाल शराब का आदी था और शराब के नशे में घर में अक्सर विवाद करता था. घटना वाली रात भी वह नशे में घर पहुंचा था. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। आरोप है कि उसने अपनी बेटी के साथ जबरदस्ती नजदीकी बनाने की कोशिश की. बेटी ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया.
इसी दौरान लड़की ने बचाव के लिए घर में रखा लकड़ी का क्रिकेट बैट उठाया और पिता के सिर पर वार कर दिया. गंभीर चोट लगने के बाद जयपाल की मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, घटना के बाद लड़की ने खुद 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को पिता पर हमला किए जाने की जानकारी दी.
पुलिस ने लड़की को हिरासत में लिया
मृतक की पत्नी की शिकायत पर एमआईडीसी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस ने लड़की को हिरासत में लिया है. नाबालिग होने के कारण उसके खिलाफ आगे की कार्रवाई बाल न्याय व्यवस्था के निर्धारित नियमों के तहत की जा रही है.
लड़की को अमरावती के बाल सुधार गृह भेजा गया है. पुलिस घटना की परिस्थितियों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. साथ ही, मौत के चिकित्सकीय कारणों को भी स्पष्ट किया जा रहा है.



