Dehradun News: खबर उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के नेहरू कॉलोनी से है. यहां बच्चों के साथ यौन उत्पीड़न और अश्लील हरकत करने के संगीन आरोप में भारी हंगामा खड़ा हो गया. घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों ने आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया और उसके चेहरे पर कालिख पोतकर सड़क पर जुलूस निकाला. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। इसके बाद आक्रोशित भीड़ आरोपी को घसीटते हुए सीधे थाने ले गई और उसके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की मांग की. परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

पुलिस जांच और परिजनों के अनुसार, यह घिनौनी वारदात दिसंबर से फरवरी के बीच की बताई जा रही है. आरोपी की पहचान जितेंद्र उर्फ नंदू महाराज के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले का रहने वाला है. आरोपी वर्तमान में उत्तराखंड विधानसभा की कैंटीन में काम करता है.
पीड़ित बच्चों के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि आरोपी बच्चों को खानेपीने का लालच देकर अपने साथ ले जाता था. इसके बाद कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला देता था और अचेत/बेहोश होने पर उनके साथ अश्लील हरकतें करता था.
फोटोवीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग और हथियार का डर
आरोप है कि विकृत मानसिकता का शिकार आरोपी अश्लील हरकतों के दौरान बच्चों की फोटो और वीडियो बना लेता था. वो बच्चों को यह फोटोवीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देता था. साथ ही अपने पास घातक हथियार होने की बात कहकर मासूमों को जान से मारने की धमकियां देता था और लंबे समय से ब्लैकमेल कर रहा था. डांट पड़ने और आरोपी की धमकियों के डर से बच्चे लंबे समय तक परिजनों से कुछ नहीं कह सके. अब मामला सामने आने के बाद से मासूम बुरी तरह सहमे और डरे हुए हैं.
POCSO और सुसंगत धाराओं में केस दर्ज
मामला उजागर होते ही इलाके में सनसनी फैल गई और स्थानीय नागरिकों ने आरोपी को पकड़कर सबक सिखाया. नेहरू कॉलोनी के कोतवाल देवेंद्र चौहान ने बताया कि परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर आरोपी जितेंद्र उर्फ नंदू महाराज के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस मामले की हर पहलू से गहन जांच कर रही है और फोटोवीडियो से जुड़े इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है.



