Bareilly Crime News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में ऑनलाइन गेमिंग और सट्टे की लत ने एक और युवा की जिंदगी को दांव पर लगा दिया है. ऑनलाइन सट्टे में लाखों रुपये गंवाने और लेनदारों के लगातार बढ़ते दबाव से तंग आकर 28 वर्षीय युवक ने धारदार हथियार से अपने ही गले पर हमला कर लिया. घटना के बाद गांव और परिजनों में अफरातफरी मच गई. आननफानन में गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हालांकि, पुलिस जांच में मामला लेनदारों को डराने के लिए रचा गया ड्रामा भी माना जा रहा है.

मामला बरेली के कैंट थाना क्षेत्र स्थित चनेटा गांव का है. पीड़ित युवक विवेक मिलिट्री अस्पताल के पास एक मेडिकल स्टोर पर काम करता है. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। विवेक के पिता सुनील के अनुसार, उनके बेटे को मोबाइल पर ऑनलाइन सट्टेबाजी वाले ‘आईपीएल विन’ गेम की गंभीर लत लग चुकी थी. वह इस गेम में धीरेधीरे कर करीब 6 लाख गंवा चुका था.
सट्टे में पैसे हारने के बाद विवेक ने आसपास के लोगों से लगभग 1.5 लाख का कर्ज ले रखा था. विवेक को मिलने वाली 30 हजार की सैलरी में से 10 हजार कर्ज चुकाने में जा रहे थे, लेकिन बाकी लेनदार भी लगातार पैसों के लिए उस पर दबाव बना रहे थे.
खुद को कमरे में बंद कर गले पर किया वार
परिजनों के अनुसार, कर्ज के बढ़ते मानसिक तनाव और रोजरोज के तगादे से परेशान होकर विवेक ने खुद को कमरे में बंद कर लिया. इसके बाद उसने धारदार वस्तु से अपने गले पर वार कर खुदकुशी की कोशिश की. पड़ोसियों द्वारा सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और खून से लथपथ विवेक को जिला अस्पताल ले गए, जहां उसका उपचार किया जा रहा है.
पुलिस की थ्योरी: “लेनदारों को डराने का था ड्रामा”
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने घटना की पड़ताल शुरू की. सीओ सिटी प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि पुलिस जांच में युवक के 6 लाख हारने और 1.5 लाख के कर्ज की पुष्टि हुई है. सीओ के मुताबिक जब उधारी देने वाले लोग पैसे वापस मांगने लगे, तो विवेक ने अपने गले पर ब्लेड/धारदार चीज से हल्का कट का निशान बनाया. पुलिस की शुरुआती जांच में यह लेनदारों को डराने और तगादा बंद कराने के लिए किया गया एक ड्रामा लग रहा है.
प्रशासन के अनुसार, परिजनों को मामले में आधिकारिक शिकायत देने को कहा गया था, लेकिन परिवार ने इनकार कर दिया. वहीं, अस्पताल में भर्ती युवक ने भी पुलिस को बयान दिया है कि वह अब ठीक है और किसी तरह की कानूनी कार्रवाई नहीं चाहता है.



