
Maharashtra Crime News: महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. पुणे के चर्चित केतन हत्याकांड जैसी इस घटना में एक युवक पर अपनी 23 वर्षीय प्रेमिका को गहरी खाई में धकेलकर हत्या करने का आरोप है. बताया जा रहा है कि युवती की शादी तय हो चुकी थी और उसने आरोपी के साथ प्रेम संबंध जारी रखने से इनकार कर दिया था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और आरोपी ने कथित तौर पर युवती को खाई में धकेल दिया. वारदात के बाद आरोपी ने युवती के लापता होने की कहानी बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की. हालांकि, पुलिस की पूछताछ में मामले का खुलासा होने का दावा किया गया है.
मृतका की पहचान 23 वर्षीय तरन्नुम बशीर नाईक के रूप में हुई है, जबकि आरोपी का नाम 25 वर्षीय श्रीपाद दिनकर वडू बताया गया है. दोनों कोल्हापुर जिले के गारगोटी स्थित अवधूत कॉलोनी में रहते थे. दोनों के घर आमने-सामने थे और इसी दौरान उनकी पहचान हुई, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई.
इंजीनियरिंग कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी लड़की
जानकारी के मुताबिक, तरन्नुम महागांव स्थित एक इंजीनियरिंग कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी. कुछ समय पहले उसकी शादी तय हो गई थी. इसके बाद तरन्नुम ने श्रीपाद से प्रेम संबंध खत्म करने की बात कही. इसी मुद्दे पर दोनों के बीच विवाद चल रहा था.
आरोप है कि शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे श्रीपाद ने तरन्नुम को मिलने के लिए बुलाया और उसे नाईकवाडी के पास एक गहरी खाई के नजदीक ले गया. वहां तरन्नुम ने अपनी शादी तय होने की बात दोहराते हुए संबंध जारी रखने से इनकार कर दिया. आरोप है कि इससे नाराज होकर श्रीपाद ने उसे खाई में धकेल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई.
खुद भुदरगड पुलिस स्टेशन पहुंच गया था आरोपी
घटना के बाद आरोपी ने कथित तौर पर तरन्नुम के लापता होने की बात कही और खुद भुदरगड पुलिस स्टेशन पहुंच गया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और उससे पूछताछ की. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने युवती को खाई में धकेलने की बात कथित तौर पर स्वीकार की. फिलहाल पुलिस हत्या के मामले में आगे की जांच कर रही है.
घटना की जानकारी मिलने के बाद तरन्नुम के रिश्तेदार गारगोटी के जिला अस्पताल पहुंचे. इस घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बताया जा रहा है. शादी तय होने के बाद प्रेम संबंध खत्म करने की बात पर हुई इस वारदात ने पूरे भुदरगड तहसील में सनसनी फैला दी है.
शादी तय होने से प्रेम संबंध खत्म करने की बात कही, तो प्रेमी पर प्रेमिका को मौत की खाई में धकेलने का आरोप—कोल्हापुर की इस वारदात ने एक बार फिर रिश्तों में हिंसा का खौफनाक चेहरा सामने ला दिया.



