
CG Crime News: बलरामपुर। छत्तीसगढ़ बलरामपुर में शिक्षक को धमकाकर 10 हजार रुपए मांगने और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने के मामले में यूट्यूबर दीपक यादव समेत 3 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। तीनों को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट के आदेश पर तीनों को ज्यूडिशियल रिमांड पर जेल भेज दिया है। बता दें, छत्तीसगढ़ बिलासपुर हाई कोर्ट से अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की। ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। पूरी घटना पस्ता थाना क्षेत्र की है।
पढ़िए क्या है मामला?
पस्ता क्षेत्र के प्राइमरी स्कूल पुटसु में पदस्थ सहायक शिक्षक और प्रभारी प्रधान पाठक रुकमण बारीक ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में शिक्षक ने बताया, यूट्यूबर दीपक यादव और उसके साथियों ने अपने फाउंडेशन के लिए 10 हजार रुपए मांगे थे। 25 अगस्त 2026 को दोपहर तकरीबन एक बजे श्रवण यादव और सूर्या यादव स्कूल पहुंचे और बिना अनुमति वीडियो बनाने लगे।
पैसे नहीं देने पर वीडियो वायरल कर बदनाम करने की धमकी
शिक्षक ने अपनी शिकायत में बताया है, यूट्यूबर और उसके साथियों ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया था। आरोप है कि पैसे नहीं देने पर वीडियो को यूट्यूब और फेसबुक पर वायरल कर बदनाम करने और नौकरी से निलंबित कराने की धमकी दी गई थी।
पुलिस ने दर्ज किया एफआईआर
यूट्यूबर दीपक यादव ने अन्य आरोपियों की मदद से वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया था। शिक्षक की शिकायत पर पस्ता थाने में पुलिस ने धारा 221, 351(2), 308(2), 356(3), 3(5) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया था।
जांच के दौरान पुलिस ने शिक्षक और गवाहों के बयान दर्ज किए। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और फोटो के स्क्रीनशॉट से जुड़ी पेन ड्राइव जब्त की गई। शिक्षक की नियुक्ति और पदस्थापना से जुड़े दस्तावेज भी लिए गए।
हाई कोर्ट ने अग्रिम जमानत खारिज होने के बाद गिरफ्तारी
आरोपी दीपक यादव ने छत्तीसगढ़ बिलासपुर हाई कोर्ट में अग्रिम जमानत की मांग करते हुए याचिका दायर की थी, मामले की सुनवाई के बाद कोर्ट ने याचिका को खारिज कर दिया। हाई कोर्ट के फैसले के बाद पुलिस ने यूट्यूबर दीपक यादव (23), निवासी टांगरमहरी, बलरामपुर, श्रवण यादव (34), निवासी ग्राम पुटसु, थाना पस्ता और सूर्या यादव (20), निवासी बलरामपुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।



