Shahjahanpur News: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में राजस्व आसूचना निदेशालय ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से करीब तीन करोड़ रुपये की नकदी बरामद की है. यह कार शाहजहांपुर से दिल्ली जा रही थी. तलाशी के दौरान कार में रखे एक बैग से 35 लाख रुपये मिले, जबकि बाकी 2 करोड़ 65 लाख रुपये कार के दरवाजों में बनाए गए खुफिया खानों में छिपाकर रखे गए थे. इतनी बड़ी रकम मिलने से अधिकारियों में हड़कंप मच गया. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। कार चालक बरामद नकदी से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका. इसके बाद टीम ने पूरी रकम जब्त कर आयकर विभाग को सूचना दी.

जानकारी के मुताबिक, DRI की टीम ने शाहजहांपुर से दिल्ली जा रही एक संदिग्ध कार को रोककर उसकी तलाशी ली. शुरुआत में कार के अंदर रखे बैग से 35 लाख रुपये की नकदी बरामद हुई. इसके बाद जब गाड़ी की गहन तलाशी ली गई, तो उसके दरवाजों में विशेष रूप से बनाए गए खुफिया खाने सामने आए.इन खानों के अंदर नोटों की गड्डियां छिपाकर रखी गई थीं.
नकदी के दस्तावेज नहीं दिखा सका चालक
वहीं, अधिकारियों ने जब कार के दरवाजों में बने गुप्त हिस्सों की जांच की, तो वहां से करीब 2 करोड़ 65 लाख रुपये बरामद हुए. कार से बरामद कुल नकदी की रकम लगभग तीन करोड़ रुपये बताई जा रही है. DRI अधिकारियों के मुताबिक, कार चालक से जब इतनी बड़ी रकम के स्रोत और उससे संबंधित दस्तावेजों के बारे में पूछताछ की गई, तो वह कोई दस्तावेज नहीं दिखा पाए. इसके बाद अधिकारियों ने पूरी नकदी को जब्त कर लिया और मामले की जानकारी आयकर विभाग को दे दी.
अब आयकर विभाग करेगा जांच
कार से बरामद करोड़ों रुपये की नकदी के मामले में अब आयकर विभाग आगे की कार्रवाई करेगा. जांच के दौरान नकदी के स्रोत, उसे कहां से लाया जा रहा था और दिल्ली में किसे पहुंचाया जाना था, जैसे पहलुओं की पड़ताल की जा सकती है. जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि इस नकदी का इस्तेमाल किस उद्देश्य के लिए किया जाना था और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं.



