शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों के लय में लौटने के बाद उत्साह से लबरेज भारतीय महिला क्रिकेट टीम जिम्बाब्वे के खिलाफ मंगलवार को यहां होने वाले तीसरे अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में अपनी जीत का सिलसिला जारी रखने और 30 से क्लीन स्वीप करने का लक्ष्य लेकर मैदान पर उतरेगी। स्मृति मंधाना के पूर्णकालिक कप्तान बनने के बाद भारत पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 115 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए तब संकट में पड़ गया था जब उसने अपने चार विकेट 19 रन पर गंवा दिए थे। भारत हालांकि दीप्ति शर्मा और निक्की प्रसाद की अच्छी बल्लेबाजी से यह मैच जीतने में सफल रहा था। सीनियर अंतरराष्ट्रीय मैच में पदार्पण पर 20 वर्षीय निक्की पहले मैच में 39 रन बनाकर नाबाद रहीं।

उन्होंने दूसरे मैच में सात रन देकर दो विकेट लिए और इस तरह से अपनी ऑलराउंड क्षमता का अच्छा नमूना पेश किया। दूसरे मैच में मंधाना ने 25 गेंदों पर नाबाद 47 रन जबकि शेफाली वर्मा ने केवल 25 गेंदों पर 55 रन बनाए। इससे भारत ने दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में नौ विकेट से जीत हासिल कर 20 की अजेय बढ़त बना ली। मंधाना का फॉर्म में लौटना भारत के लिए बड़ा सकारात्मक पहलू है क्योंकि वह फरवरी में होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी से पहले लय बनाए रखना चाहेंगी। मंधाना और शेफाली की सलामी जोड़ी एक बार फिर मजबूत शुरुआत देकर जिम्बाब्वे के गेंदबाजी आक्रमण पर दबाव बनाने की कोशिश करेगी।
भारत ने तीसरे नंबर पर जेमिमा रोड्रिग्स के चोटिल हो जाने के कारण अनुष्का शर्मा को मौका दिया लेकिन यह 23 वर्षीय खिलाड़ी पहले मैच में केवल चार रन बना पाई थी जबकि दूसरे मैच में उन्हें खेलने का खास मौका नहीं मिला। अब वह मौका मिलने पर अपनी छाप छोड़ने की पूरी कोशिश करेगी। भारत के लिए सबसे सकारात्मक पहलू निक्की का अच्छा प्रदर्शन रहा। उन्होंने दूसरे मैच के बाद कहा कि टीम के माहौल में जल्दी घुलमिल जाने से उन्हें मदद मिली। उन्होंने कहा, ‘‘यह भारत की सीनियर टीम के साथ मेरा पहला अनुभव है। ड्रेसिंग रूम का माहौल कुल मिलाकर बहुत अच्छा है।
मुझे लगता है कि स्मृति दीदी उसी परंपरा को आगे बढ़ा रही हैं।’’ जिम्बाब्वे ने सितंबर में वेस्टइंडीज के खिलाफ ऐतिहासिक पहली वनडे जीत के बाद इस श्रंखला में प्रवेश किया, लेकिन उसकी टीम अब भी टी20 में 2026 में अपनी पहली जीत की तलाश में हैं। उसे इस साल अपने सभी 20 मैच में हार का सामना करना पड़ा है। जिम्बाब्वे को उम्मीद होगी कि सलामी बल्लेबाज केलिस नधलोवु उसे मजबूत शुरुआत देंगी।
गेंदबाजी में उसका दारोमदार ऑफ स्पिनर न्याशा ग्वांजुरा पर रहेगा जिन्होंने पहले मैच में तीन विकेट लेकर भारतीय शीर्ष क्रम को झकझोर दिया था।
टीम इस प्रकार हैं:
भारत: स्मृति मंधाना , शेफाली वर्मा , निक्की प्रसाद, हरमनप्रीत कौर, अनुष्का शर्मा, ऋचा घोष , जी कमलिनी , दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, श्री चरणी, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, जिन्तिमणि कलिता और मिन्नू मणि।
जिम्बाब्वे: जोसेफिन नकोमो , बिलव्ड बिज़ा, चिपो मुगेरीतिरिपानो, केलिस नधलोवु, मिशेल मावुंगा, न्याशा ग्वानजुरा, नोम्पिलो सिबांडा, लोरिन फिरी, चिएजा दुरुरु, मोडेस्टर मुपाचिक्वा, तेंदानेई मायकुशा। ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। मैच भारतीय समयानुसार शाम सात बजे शुरू होगा।



