Punjab News: पंजाब के कपूरथला में एक भैंसे के लापता हो जाने से पूरा गांव परेशान है. जो भैंसा लापता हो गया है वो जिले के संघियां गांव का मशहूर भैंसा ‘राजा झोटा’ है. ये भैंसा 20 साल का बताया जा रहा है. भैंसे ने पारंपरिक पंजाबी पशु दौड़ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया है और चैंपियन रहा है. राजा झोटा के लापता होने से सभी गांव वाले परेशान हैं.

राजा झोटा के मालिक जसकरण सिंह और उनका पूरा परिवार सदमे में है. परिवार ने ऐलान किया है कि जो राजा झोटा को तलाशने में उनकी मदद करेगा, उसे एक लाख रुपये इनाम के तौर पर दिए जाएंगे. राजा झोटा की पहचान उसकी ताकत, फुर्ती और लगातार जीत थी. उसका 19 साल का रेसिंग करियर था, जिसमें वो भैंसों और बैलों की 100 से अधिक पारंपरिक दौड़ प्रतियोगिताओं का हिस्सा रहा.
ट्रैक्टर, कार समेत जीते कई इनाम
इस दौरान उसने ट्रैक्टर, कार, 87 मोटरसाइकिलों और नकद पुरस्कारों सहित कई इनाम जीते. उसने 10 साल तक ‘धपई बैलदौड़ मेला’ और छह साल तक ‘नट्टन दी दौड़’ में जीत हासिल की थी. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जसकरण सिंह ने कहा कि राजा परिवार के सदस्य जैसा था. उसके कारण उनके गांव को पहचान मिली. राजा करीब डेढ़ साल का था, तब से जसकरण उसकी देखभाल कर रहे थे.
जसकरण ने कहा कि उन्होंने 9वीं क्लास से पढ़ाई छोड़ दी थी. उन्होंने राजा की देखभाल करने के लिए पढ़ाई छोड़ी थी. राजा को नियमित चारे के अलावा मखाने, बादाम और घी का मिश्रण खिलाया जाता था. परिवार ने बताया कि राजा को दो हफ्ते पहले खेत की मोटर के पास बांधा था, लेकिन जब अगली सुबह देखा तो वो वहां नहीं था. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। राजा के साथ परिवार और एक रिश्तेदार की दो मादा भैंसों की चोरी की आशंका है.
इस साल दिसंबर में रिटायर करने का था प्लान
पुलिस मामले की जांच कर रही है. सीसीटीवी फुटेज में एक चोरी की गई बोलेरो कैंपर गाड़ी देखी गई है. गाड़ी में तीनों पशुओं को ले जाने की बात पता चली है. इसके बाद कोई सबूत नहीं मिला. परिवार प्लान बना रहा था कि इस साल दिसंबर में होने वाले ‘बाबा कहान दास बैल दौड़ टूर्नामेंट’ में राजा को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया जाएगा और रेसिंग से रिटायर कर दिया जाएगा, लेकिन इससे पहले राजा लापता हो गया.



