Featured Image

Bageshwar Baba:  मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करेरा में आयोजित श्रीराम कथा के दौरान बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का एक बयान चर्चा में आ गया है. उन्होंने कहा कि दुनिया में कुछ भी स्थायी नहीं है, यहां तक कि भगवानों की लोकप्रियता का भी ट्रेंड बदलता रहता है. उनके इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

कथा के दौरान पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि यहां कुछ भी परमानेंट नहीं है. आज हम कथा कह रहे हैं, कल कोई और कहेगा. यहां आदमी परमानेंट नहीं है, भगवान भी परमानेंट नहीं हैं.

उन्होंने कहा कि भगवानों का भी ट्रेंड आता है. पहले साईं बाबा की पूजा का चलन था. गुरुवार को मंदिरों में लंबी-लंबी कतारें लगती थीं. अब साईं बाबा की जगह खाटू वाले बाबा की चर्चा है और उनके बाद नीम करोली बाबा का चलन बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि लोग भगवानों को लेकर भी अपनी पसंद बदलते रहते हैं.

‘जो आपके पास है, उसी में सुखी रहना सीखें’

पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने अपने संबोधन में लोगों को संतोष के साथ जीवन जीने का संदेश भी दिया. उन्होंने कहा कि जो आपके पास है, उसी में सुखी रहना सीखिए. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। सुखी रहने का मंत्र अपनी चाहतों को खत्म करना है.

उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई है. कथा के दौरान दिए गए इस संबोधन का वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहा है.

पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने नवजात शिशु का नामकरण भी किया

बता दें कि श्रीराम कथा के चौथे दिन पंडाल में शिव-पार्वती विवाह और भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के प्रसंग सुनाए गए. इन प्रसंगों के दौरान श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए. कथा की शुरुआत में पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने एक नवजात शिशु का नामकरण भी किया और उसका नाम ‘राघव’ रखा.