दिवाली से ठीक पहले अमूल ने ग्राहकों बड़ा झटका दिया है. अमूल ने घी और बटर की कीमतें बढ़ा दी हैं. अब 1 किलो घी के कार्टन की कीमत 680 रुपये हो गई है, जिसमें 50 रुपए की बढ़ोतरी हई है. 500 ग्राम मक्खन के पैक की कीमत 15 रुपए बढ़ गई है. यह बढ़ोतरी ऐसे समय में हुई है जब कई बाजारों में अमूल के गाय के घी की मांग बढ़ गई है और इसकी कमी भी देखी जा रही है.

कीमतों में इस बदलाव के बीच कुछ शहरों में अमूल के घी, खासकर गाय के घी की उपलब्धता भी कम होने की खबरें हैं. ऐसे में दिवाली से पहले ग्राहकों को महंगाई के साथ सप्लाई की समस्या का भी सामना करना पड़ सकता है. गुजरात और पड़ोसी राज्य राजस्थान में मिलावटी उत्पादों के खिलाफ कार्रवाई के बाद ब्रांडेड घी की मांग बढ़ गई है. कीमतों में इस बढ़ोतरी के कारण, सितंबर 2025 में GST घटने से उपभोक्ताओं को जो फायदा मिला था, वह काफी हद तक कम हो गया है. उस समय डेयरी उत्पादों पर टैक्स 12% से घटाकर 5% कर दिया गया था.
अमूल घी और बटर के नए रेट क्या हैं?
नई दरों के अनुसार, 1 किलो घी का कार्टन अब 680 रुपये में मिलेगा. इससे पहले इसकी कीमत 630 रुपये थी. यानी एक पैक खरीदने पर ग्राहकों को 50 रुपए एक्स्ट्रा खर्च करने होंगे. इसी तरह 500 ग्राम प्योर घी के पाउच की कीमत 325 रुपये से बढ़ाकर 345 रुपये कर दी गई है. बटर की बात करें तो 100 ग्राम वाले पैक के लिए अब 66 रुपये देने होंगे, जबकि पहले इसकी कीमत 63 रुपये थी. वहीं, 500 ग्राम बटर का पैक 310 रुपये के बजाय 325 रुपये में मिलेगा. इस तरह घी और बटर की खरीदारी करने वाले ग्राहकों पर त्योहारों से ठीक पहले अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ गया है.
| प्रोडक्ट | पुरानी कीमत | नई कीमत | बढ़ोतरी |
| 1 किलो घी | ₹630 | ₹680 | ₹50 |
| 500 ग्राम बटर | ₹310 | ₹325 | ₹15 |
ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर अलगअलग वैरायटी के रेट
द इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अमूल के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर घी की अलगअलग वैरायटी के दाम भी अलगअलग हैं. यहां गाय का घी 740 रुपये प्रति लीटर, सागर घी 710 रुपये, प्योर घी 700 रुपये और भैंस का घी 720 रुपये प्रति लीटर की कीमत पर उपलब्धता के लिए लिस्ट किया गया है. हालांकि, ऑनलाइन खरीदारी करने वालों को भी परेशानी हो सकती है. प्लेटफॉर्म पर प्योर घी, भैंस के घी और कुछ कॉम्बो पैक जैसी वैरायटी आउट ऑफ स्टॉक दिखाई दे रही थीं. इससे त्योहारों के दौरान बढ़ती मांग के बीच सप्लाई पर दबाव का अंदाजा लगाया जा सकता है.
दिवाली की खरीदारी पर बढ़ सकता है खर्च
दिवाली के दौरान ज्यादातर घरों में मिठाइयां, नमकीन और कई तरह के पकवान बनाए जाते हैं. इन सभी चीजों में घी और बटर का इस्तेमाल होता है. ऐसे में दोनों उत्पादों के महंगे होने से त्योहार की खरीदारी का बजट प्रभावित हो सकता है. ग्राहकों के सामने फिलहाल दोहरी चुनौती है. एक तरफ घी और बटर के लिए पहले से ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे, वहीं दूसरी तरफ कुछ बाजारों में इनकी पर्याप्त उपलब्धता भी नहीं है. अब देखना होगा कि दिवाली के दौरान अमूल सप्लाई की स्थिति में कितना सुधार कर पाती है.



