Exide Q2 Results: बैटरी बनाने वाली देश की दिग्गज कंपनी एक्साइड इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने अपने सितंबर तिमाही के नतीजों से शेयर बाजार में हलचल मचा दी है. कंपनी ने मुनाफे से लेकर कामकाजी प्रदर्शन तक, हर मोर्चे पर शानदार आंकड़े पेश किए हैं. तिमाही नतीजों का ऐलान होते ही निवेशकों ने इस शेयर को हाथोंहाथ लिया. यही वजह रही कि कंपनी का शेयर एक समय 7 फीसदी से ज्यादा उछलकर 371.55 रुपये पर पहुंच गया.

कारोबार आगे बढ़ने के साथ शेयर में खरीदारी का सिलसिला और तेज हो गया. दोपहर 2:15 बजे के आसपास एक्साइड इंडस्ट्रीज का शेयर 7.71 फीसदी की जोरदार बढ़त के साथ 373.70 रुपये पर कारोबार कर रहा था. खास बात ये है कि पिछले एक महीने के दौरान इस स्टॉक में 10 फीसदी की गिरावट आई थी, लेकिन दूसरी तिमाही के नतीजों ने इस सुस्ती को एक झटके में खत्म कर दिया.

कमाई के मोर्चे पर कंपनी का शानदार प्रदर्शन

सितंबर तिमाही में एक्साइड इंडस्ट्रीज की झोली में जमकर पैसा आया है. कंपनी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर करीब 65 फीसदी की भारी छलांग लगाकर 287 करोड़ रुपये हो गया है. पिछले साल की इसी तिमाही में कंपनी ने 174 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था. इस तिमाही में कंपनी की अन्य आय में कमी आई, साथ ही दूसरे खर्चों में बढ़ोतरी भी हुई. इसके बावजूद मजबूत कामकाज और बिक्री बढ़ने से कंपनी अपना मुनाफा बढ़ाने में कामयाब रही.

अगर कुल आमदनी यानी रेवेन्यू की बात करें, तो इसमें भी 21.3 फीसदी का उछाल दर्ज किया गया है. पिछले साल की सितंबर तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 4,364 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 5,292 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है. वहीं, ब्याज, टैक्स, डेप्रिसिएशन और अमोर्टाइजेशन से पहले की कमाई 43.5 फीसदी बढ़कर 561 करोड़ रुपये रही है.

कैसे बढ़ा मार्जिन, कहां आई दिक्कत

इस तिमाही में कंपनी का मार्जिन भी 200 बेसिस पॉइंट्स सुधरकर 11 फीसदी हो गया है, जो एक साल पहले 9 फीसदी के स्तर पर था. कंपनी मैनेजमेंट के मुताबिक, खर्चों में कटौती के उपायों, सोचसमझकर कीमतें बढ़ाने और बिक्री की मात्रा में इजाफे की वजह से मार्जिन में ये सुधार आया है. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। कंपनी ने इस तिमाही की ग्रोथ का श्रेय बाजार में अच्छी मांग, जीएसटी 2.0 से मिल रहे लगातार फायदों, पिछले साल के कम आधार के अलावा ‘वन एक्साइड’ ऑपरेटिंग मॉडल के बेहतर इस्तेमाल को दिया है.

हालांकि, दुनिया भर में चल रहे राजनीतिक तनाव की वजह से कंपनी की लागत अभी भी ऊंचे स्तर पर बनी हुई है. पिछली तिमाही से तुलना करें, तो बाजार में लेड और एंटीमनी की कीमतों में कमी जरूर आई थी, लेकिन करेंसी के कमजोर होने के कारण कंपनी को इस सस्ते कच्चे माल का पूरा फायदा नहीं मिल सका.

गाड़ियों की बैटरी से लेकर यूरोप तक फैला कारोबार

कंपनी के मुख्य कारोबारों में इस तिमाही के दौरान दोहरे अंकों में बढ़त देखने को मिली है. इसके ऑटोमोटिव ओईएम कारोबार में लगातार चौथी तिमाही में सालाना आधार पर 25 फीसदी से ज्यादा की ग्रोथ दर्ज की गई है. वहीं, आफ्टरमार्केट में बनी लगातार मांग के दम पर टूव्हीलर के साथसाथ फोरव्हीलर बैटरी रिप्लेसमेंट कारोबार में भी लगातार चौथी तिमाही में डबल डिजिट की बढ़त रही है.

इसके अलावा, होम इनवर्टर और सोलर सेगमेंट में भी लगातार दूसरी तिमाही में सालाना आधार पर 20 फीसदी से अधिक का उछाल आया है. कंपनी अब विदेशी बाजार में भी अपने पैर पसार रही है. इस तिमाही के दौरान एक्साइड ने यूरोप में अपने इंडस्ट्रियल बैटरी और एनर्जी स्टोरेज कारोबार को बढ़ाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है. इसके लिए कंपनी ने जर्मनी की ‘एक्स्कॉम एनर्जी सॉल्यूशंस जीएमबीएच’ के साथ एक लंबे समय का समझौता किया है.

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए. TV9 भारतवर्ष अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है.