भारतीय क्रिकेट के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। अपने करियर में उन्होंने ऐसे कई रिकॉर्ड बनाए हैं, जिन्हें तोड़ना किसी भी बल्लेबाज के लिए आसान नहीं होगा। लेकिन 5 नवंबर 2026 को अपना 38वां जन्मदिन मना रहे विराट कोहली के सामने अभी भी कुछ ऐसे लक्ष्य हैं, जिन्हें वह क्रिकेट को अलविदा कहने से पहले हासिल करना चाहेंगे। टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले चुके कोहली की नजरें अब वनडे क्रिकेट और आईपीएल के कुछ ऐतिहासिक रिकॉर्ड पर हैं।

1. सचिन तेंदुलकर के 100 शतकों का रिकॉर्ड तोड़ना

विराट कोहली के सामने सबसे बड़ा लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100 शतक पूरे करना है। फिलहाल उनके नाम तीनों फॉर्मेट मिलाकर 86 अंतरराष्ट्रीय शतक हैं। इस मामले में सचिन तेंदुलकर 100 शतकों के साथ पहले नंबर पर हैं। विराट को इस ऐतिहासिक आंकड़े तक पहुंचने के लिए 14 और शतक लगाने होंगे।

2. वनडे में 60 से ज्यादा औसत हासिल करना

विराट कोहली का वनडे क्रिकेट में औसत लगभग 59 रन है। वह अपने करियर का अंत 60 से ज्यादा औसत के साथ करना चाहेंगे। 300 से अधिक वनडे मैच खेलने वाले बल्लेबाज के लिए ऐसा करना अपने आप में ऐतिहासिक उपलब्धि होगी।

3. वनडे में 18 हजार रन पूरे करना

वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है। उन्होंने 18,426 रन बनाए हैं। ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। वहीं विराट कोहली 15 हजार से ज्यादा रन बना चुके हैं। उनके सामने 18 हजार रन का आंकड़ा पार करने की चुनौती है। ऐसा करने पर वह इस उपलब्धि तक पहुंचने वाले दूसरे भारतीय बनेंगे।

4. वनडे में पहला दोहरा शतक लगाना

विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट में सात दोहरे शतक लगाए हैं, लेकिन वनडे में अभी तक उनका बल्ला दोहरे शतक तक नहीं पहुंचा है। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 183 रन है, जो उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ बनाया था। वह इस अधूरे सपने को भी पूरा करना चाहेंगे।

5. आईपीएल में 10 हजार रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी बनना

आईपीएल में विराट कोहली पहले ही सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उनके नाम 9,300 से अधिक रन दर्ज हैं। अब उनकी नजरें 10 हजार रन पूरे करने पर होंगी। ऐसा करने वाले वह आईपीएल इतिहास के पहले बल्लेबाज बन सकते हैं।

विराट कोहली के लिए 2027 वनडे विश्व कप भी बेहद खास होने वाला है। उन्होंने खुद इस टूर्नामेंट को अपना आखिरी विश्व कप बताया है। ऐसे में वह अपने करियर का अंत एक और विश्व कप ट्रॉफी जीतकर करना चाहेंगे।