बिहार के मुजफ्फरपुर में बदमाशों ने सरेराह एक दूध कारोबारी को गोली मारकर हत्या कर दी है. बदमाशों ने बाइक सवार दूध कारोबारी को लूटपाट के इरादे से रोका था, लेकिन इस दौरान जब कारोबारी बदमाशों पर भारी पड़ने लगे तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी. गोली लगने से घायल होकर कारोबारी नीचे गिर गए. इसके बाद बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन और अंगूठियां आदि ली और मौके से फरार हो गए.

थोड़ी देर बाद मौके पर पहुंचे राहगीरों ने दूध कारोबारी को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी. अस्पताल में इलाज के दौरान कारोबारी की मौत हो गई. मामला मुजफ्फरपुर में बरियारपुर थाना क्षेत्र में भसौन और राजापाकर गांव के बीच का है. मृत दूध कारोबारी की पहचान यहां वाजितपुर अशोक गांव में रहने वाले संजय कुमार राय के रूप में हुई है. वारदात के वक्त रतनपुर गांव में रहने वाले अपने एक रिश्तेदार के घर से भोज खाकर बाइक से वापस लौट रहे थे.

दूध के बड़े कारोबारी थे संजय

परिजनों के मुताबिक संजय कुमार इस इलाके में दूध के बड़े कारोबारी थे. इसकी वजह से क्षेत्र में उनकी बड़ी पहचान भी थी. ऐसे में वारदात की खबर मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. संजय कुमार के बेटे नितेश कुमार ने इस संबंध में पुलिस में तहरीर दी है. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। बताया कि उनके पिता की बाइक घटनास्थल पर ही खड़ी मिली. लेकिन पिता के गले से सोने की चेन और हनुमान जी का लॉकेट गायब था.

जांच में जुटी पुलिस

मुजफ्फरपुर पुलिस के मुताबिक सूचना एक्सिडेंट की आई थी. इसलिए पुलिस एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंची. वहां जाने पर पता चला कि गोली मारी गई है. आनन फानन में संजय कुमार को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. एसडीपीओ मनोज कुमार सिंह के मुताबिक पुलिस मामले की जांच कर रही है. उधर, वारदात के बाद लोगों में आक्रोश है. जिला परिषद सदस्य सुरेश प्रसाद यादव ने पुलिस को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 24 घंटे की मोहलत दी है.