उत्तराखंड कैबिनेट ने ऐसे कई फैसले लिए हैं, जिनका सीधा संबंध आम लोगों की सुविधाओं, रोजगार और आर्थिक सुरक्षा से है. इन फैसलों से पहाड़ी और दुर्गम इलाकों में डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ाने, वन आरक्षी भर्ती में युवाओं को अधिक उम्र तक मौका देने और हरिद्वार में सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाने की दिशा में कदम उठाए गए हैं. इसके अलावा आशा कार्यकत्रियों के मानदेय में बढ़ोतरी और संगठितअसंगठित क्षेत्र के कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा देने की व्यवस्था से हजारों कामगारों और उनके परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है.

पहाड़ी इलाकों में दो साल तक सेवा देंगे पीजी डॉक्टर
उत्तराखंड के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में पीजी की पढ़ाई करने वाले छात्रों के लिए अनिवार्य सरकारी सेवा का बॉन्ड लागू करने के प्रस्ताव को कैबिनेट ने मंजूरी दी है. इसके तहत पीजी की पढ़ाई पूरी करने के बाद संबंधित डॉक्टरों को राज्य के दुर्गम और पहाड़ी क्षेत्रों में स्थित सरकारी अस्पतालों में दो साल तक सेवाएं देनी होंगी.
सरकार का उद्देश्य अस्पतालों में सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों की कमी को दूर करना है. इससे पहाड़ी और दूरदराज के इलाकों में रहने वाले लोगों को इलाज के लिए डॉक्टरों की उपलब्धता बेहतर होने की उम्मीद है.
वन आरक्षी भर्ती में बढ़ी आयु सीमा
उत्तराखंड में वन आरक्षी के पदों पर सीधी भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा 25 साल से बढ़ाकर 28 साल करने का निर्णय लिया गया है. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। इसके लिए उत्तराखंड अधीनस्थ वन सेवा नियमावली में संशोधन किया जाएगा.
यह बढ़ी हुई आयु सीमा 31 दिसंबर 2028 तक लागू रहेगी. इस फैसले से उन युवाओं को भी वन आरक्षी भर्ती में शामिल होने का मौका मिल सकेगा, जो पहले 25 साल की अधिकतम आयु सीमा पार कर चुके थे, लेकिन अब 28 साल की उम्र के दायरे में आते हैं.
हरिद्वार में बनेगा 21.08 किलोमीटर का पॉड टैक्सी नेटवर्क
हरिद्वार शहर में सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाने के लिए ‘हरिद्वार दर्शन’ नाम से पर्सनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम यानी पॉड टैक्सी परियोजना प्रस्तावित है. इसके तहत शहर में तीन कॉरिडोर बनाए जाने की योजना है. इनकी कुल लंबाई 21.08 किलोमीटर होगी और कुल 21 स्टेशन बनाए जाने प्रस्तावित हैं.
- कॉरिडोर1: सीतापुर से भारत माता मंदिर तक 15.58 किलोमीटर लंबा मार्ग होगा. इस पर 15 स्टेशन प्रस्तावित हैं.
- कॉरिडोर2: सिटी हॉस्पिटल से दक्ष मंदिर तक 3.10 किलोमीटर का मार्ग होगा. इस पर 4 स्टेशन बनाए जाने प्रस्तावित हैं.
- कॉरिडोर3: गणेशपुरम से डीएवी स्कूल तक 2.40 किलोमीटर का मार्ग होगा. इस पर 2 स्टेशन प्रस्तावित हैं.
परियोजना के लिए कुल 6.9555 हेक्टेयर जमीन की जरूरत होगी. इसमें 6.1171 हेक्टेयर सरकारी और 0.8384 हेक्टेयर निजी भूमि शामिल है. इसके अलावा निर्माण सामग्री, मशीनरी और अन्य कामों के लिए पांच साल तक दो हेक्टेयर अतिरिक्त अस्थायी भूमि की जरूरत होगी. यह भूमि सीतापुर में प्रस्तावित पीआरटी डिपो के पास चिन्हित की गई है.
इस परियोजना के पूरा होने पर हरिद्वार में लोगों को सार्वजनिक परिवहन का एक नया विकल्प मिल सकेगा. हालांकि, फिलहाल यह प्रस्तावित परियोजना है.
पॉड टैक्सी सार्वजनिक परिवहन का एक आधुनिक साधन है. यह छोटी, ड्राइवरलेस इलेक्ट्रिक टैक्सी होती है, जो आमतौर पर जमीन से ऊपर बने विशेष ट्रैक या गाइडवे पर चलती है.
पॉड टैक्सी कैसे चलती है?
- यह बिजली से चलती है, इसलिए इसमें पेट्रोल या डीजल की जरूरत नहीं होती.
- इसमें आमतौर पर 2 से 6 यात्रियों के बैठने की क्षमता होती है. हालांकि, मॉडल के अनुसार क्षमता अलग हो सकती है.
- यात्री स्टेशन पर पहुंचकर अपनी मंजिल चुनते हैं.
- यह कंप्यूटर और ऑटोमेटेड सिस्टम की मदद से बिना ड्राइवर के चलती है.
- इसे विशेष रूप से बनाए गए एलिवेटेड ट्रैक पर चलाया जा सकता है.
आशाकर्मयों का बढ़ेगा मानदेय
उत्तराखंड कैबिनेट ने आशाकर्मियों के मासिक मानदेय में 1,700 रुपये की बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी दी है. इस फैसले से राज्य की आशाकर्मियों को हर महीने पहले के मुकाबले 1,700 रुपये अधिक मिलेंगे. इससे उनकी मासिक आय में बढ़ोतरी होगी और उन्हें आर्थिक राहत मिलेगी.
कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा
उत्तराखंड सरकार ने सामाजिक सुरक्षा संहिता, 2020 के तहत राज्य सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली, 2026 लागू करने का निर्णय लिया है. इसका उद्देश्य संगठित और असंगठित क्षेत्रों में काम करने वाले कर्मचारियों और मजदूरों को सामाजिक सुरक्षा का लाभ देना है.
इस नियमावली के तहत असंगठित क्षेत्र के कामगारों और भवन निर्माण मजदूरों के कल्याण के लिए अलगअलग बोर्ड बनाए जाएंगे. इसके अलावा कर्मचारियों के नामांकन की प्रक्रिया और उसका प्रारूप भी तय किया गया है.
नियमों के अनुसार, अगर किसी कर्मचारी की ग्रेच्युटी पाने के लिए नामांकित व्यक्ति या उत्तराधिकारी नाबालिग है, तो नियोक्ता को उसके वयस्क होने तक ग्रेच्युटी की रकम भारतीय स्टेट बैंक या किसी राष्ट्रीयकृत बैंक में फिक्स्ड डिपॉजिट के रूप में जमा करनी होगी. कर्मचारी की मृत्यु होने पर अंतिम संस्कार के खर्च के लिए भी राशि जमा करने का प्रावधान किया गया है.
इसके साथ ही कर्मचारी बीमा न्यायालय की संरचना और नियंत्रण से जुड़े प्रावधान किए गए हैं. असंगठित क्षेत्र के कामगारों को सामाजिक सुरक्षा देने के लिए सामाजिक सुरक्षा कोष का भी गठन किया जाएगा. इससे कामगारों और उनके परिवारों को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाने में मदद मिलेगी.



