Kanpur Crime News: कानपुर के थाना चकेरी क्षेत्र स्थित एक मैरिज लॉन में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बिना तलाक दिए दूसरी शादी कर रहे दूल्हे की पोल खोलने उसकी पहली पत्नी पुलिस बल के साथ पहुंच गई. रात करीब 10:30 बजे हुए इस अचानक ड्रामे के बाद मैरिज लॉन में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. पहली पत्नी की शिकायत के बाद चकेरी थाना पुलिस ने आरोपी दूल्हे को हिरासत में ले लिया है और वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है.

जानकारी के मुताबिक,चमनगंज निवासी पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2022 में जूही लाल कॉलोनी निवासी युवक के साथ हुई थी. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। वर्ष 2024 में विदाई के बाद दोनों के बीच आपसी मतभेद शुरू हो गए, जिसके बाद मामला कानपुर कोर्ट में विचाराधीन है. पीड़िता के अनुसार, पति उससे रोज WhatsApp पर चैटिंग करता था और मिलने भी आता था, लेकिन उसने अपनी दूसरी शादी की बात पूरी तरह छिपाकर रखी थी.

पड़ोसी से मिली भनक, 10 किमी दूर लॉन पहुंची पत्नी

दूल्हे के पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति से पीड़िता को दूसरी शादी की सूचना मिली. शंका होने पर पीड़िता ने अपने ससुराल वालों को फोन किया, लेकिन किसी ने कोई जवाब नहीं दिया. इसके बाद वह पहले ससुराल पहुंची और फिर जानकारी जुटाकर सीधे चकेरी क्षेत्र के मैरिज लॉन पहुंच गई. जैसे ही पहली पत्नी अपनी बहन और पुलिस को लेकर मैरिज लॉन पहुंची, शादी की रस्में रुक गईं. पुलिस को देखकर दूल्हा मौके से भागने का प्रयास करने लगा, जिससे बारातियों और सरातियों के बीच अफ़रातफरी मच गई.

थाने में बातचीत बेनतीजा, कानूनी कार्रवाई में जुटी पुलिस

चकेरी पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई, जहां काफी देर तक सुलहसमझौते की बातचीत चली, लेकिन कोई हल नहीं निकल सका. थाना प्रभारी चकेरी अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि पीड़ित पहली पत्नी की तहरीर और आरोपों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. पहली पत्नी ने आरोप लगाया है कि पति ने उसे धोखे में रखकर दूसरी शादी करने का प्रयास किया है और पुलिस से आरोपी के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की गुहार लगाई है.