वॉशिंगटन सुंदर के चोटिल होने के बाद 33 वर्षीय ऑलराउंडर सारांश जैन को पहली बार टीम इंडिया की टेस्ट टीम में जगह मिली है। जानिए मध्य प्रदेश के इस अनुभवी खिलाड़ी का घरेलू रिकॉर्ड और अब तक का क्रिकेट सफर।

Who is Saransh Jain? श्रीलंका के खिलाफ आगामी दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान हो चुका है। इस टीम में एक नया नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है। अनुभवी ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर चोट के कारण इस सीरीज से बाहर हो गए हैं, जिसके बाद बीसीसीआई ने 33 वर्षीय ऑलराउंडर सारांश जैन को पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में शामिल किया है। घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन करने का इनाम आखिरकार उन्हें राष्ट्रीय टीम के रूप में मिला है।

मध्य प्रदेश के इस अनुभवी खिलाड़ी ने पिछले कुछ सीजन में गेंद और बल्ले दोनों से लगातार प्रभावित किया है। रणजी ट्रॉफी, दलीप ट्रॉफी और इंडिया ए के लिए बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर उन्होंने चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा। अब सभी की नजरें इस बात पर होंगी कि क्या उन्हें श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में डेब्यू करने का मौका मिलता है या नहीं।

घरेलू क्रिकेट में लगातार किया दमदार प्रदर्शन

33 वर्षीय सारांश जैन का जन्म 31 मार्च 1993 को मध्य प्रदेश के इंदौर में हुआ था। पिछले दो घरेलू सीजन में उन्होंने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन से अपनी अलग पहचान बनाई है। रणजी ट्रॉफी 202526 सीजन में उन्होंने मध्य प्रदेश की ओर से सिर्फ 7 मैचों में 30 विकेट अपने नाम किए, जिसमें उनकी इकोनॉमी महज 2.64 रही। ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। इससे पहले रणजी ट्रॉफी के पिछले सीजन में भी उन्होंने 8 मुकाबलों में 35 विकेट झटके थे।

🔴 FATHER HID HIS CANCER BATTLE SO HE COULD FOCUS ON CRICKET 🤯

Meet Saransh Jain 🫡

Received his first India Test callup at the age of 33.

He started his cricket journey by practicing in rooftop nets in Indore.

His father kept his cancer battle a secret so Saransh… pic.twitter.com/0gmTkySIPc

— Sam July 28, 2026

इसके अलावा दलीप ट्रॉफी 2025 के फाइनल में सेंट्रल जोन की तरफ से खेलते हुए उन्होंने साउथ जोन के खिलाफ 5 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। वहीं ईरानी ट्रॉफी में भी रेस्ट ऑफ इंडिया के खिलाफ एक पारी में 6 विकेट लेकर उन्होंने अपनी गेंदबाजी का लोहा मनवाया था।

इंडिया ए के साथ श्रीलंका दौरे पर भी दिखाया था दम

सारांश जैन हाल ही में इंडिया ‘ए’ टीम के साथ श्रीलंका दौरे पर भी गए थे। जुलाई 2026 की शुरुआत में गॉल में खेले गए चार दिवसीय मुकाबले में उन्होंने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन किया। पहली पारी में नाबाद 70 रन बनाने के अलावा उन्होंने पूरे मैच में कुल 6 विकेट भी अपने नाम किए। पहली पारी में 4 और दूसरी पारी में 2 विकेट लेकर उन्होंने श्रीलंका की स्पिनफ्रेंडली परिस्थितियों में अपनी उपयोगिता साबित की।

फर्स्ट क्लास क्रिकेट में Saransh Jain का शानदार रहा है रिकॉर्ड

फर्स्ट क्लास क्रिकेट में सारांश जैन का रिकॉर्ड किसी भी ऑलराउंडर के लिए बेहद प्रभावशाली रहा है। उन्होंने अब तक 54 फर्स्ट क्लास मैचों की 85 पारियों में 31.76 की औसत से 2223 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 2 शतक और 14 अर्धशतक भी निकले हैं। वहीं गेंदबाजी में उन्होंने 27.31 की औसत से 188 विकेट अपने नाम किए हैं। उनके नाम 10 बार एक पारी में पांच विकेट लेने का कारनामा भी दर्ज है। बल्ले और गेंद दोनों से लगातार योगदान देने की क्षमता ही उन्हें टीम इंडिया तक लेकर आई है।

क्या श्रीलंका दौरे पर मिलेगा टेस्ट डेब्यू का मौका?

सारांश जैन को पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में शामिल किया गया है, लेकिन अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह मिलेगी। रवींद्र जडेजा और कुलदीप यादव जैसे अनुभवी स्पिनरों की मौजूदगी में उन्हें मौका मिलना आसान नहीं होगा, लेकिन यदि टीम मैनेजमेंट अतिरिक्त स्पिन ऑलराउंडर के साथ उतरता है तो सारांश अपना टेस्ट डेब्यू कर सकते हैं। अगर ऐसा होता है तो घरेलू क्रिकेट में वर्षों की मेहनत का उन्हें सबसे बड़ा इनाम मिलेगा।