कानपुर : सात फेरों के साथ जन्मों तक साथ निभाने का वादा… लेकिन जब वही रिश्ता डर में बदल जाए, तो सवाल सिर्फ एक परिवार का नहीं, पूरे समाज का बन जाता है. मेरठ के ब्लू ड्रम हत्याकांड, हरियाणा और देशभर में पतिपत्नी के रिश्तों से जुड़े सनसनीखेज मामलों के बाद अब कानपुर से एक मामला सामने आया है. ये केस रिश्तों में भरोसे पर बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है. यहां एक पति ने अपनी पत्नी पर चाय और रूम फ्रेशनर में संदिग्ध रासायनिक पदार्थ मिलाकर उसे और उसके परिवार को धीरेधीरे बीमार करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

यहां का है मामला
कभी जिस पत्नी के हाथ की चाय से दिन की शुरुआत होती थी. वही चाय अब एक परिवार के लिए डर की वजह बन गई. रावतपुर के गणेश नगर निवासी हिमांशु गुप्ता का आरोप है कि शादी के कुछ महीनों बाद ही घर का माहौल बदल गया. पहले रोज झगड़े होना शुरू हुआ. फिर परिवार की तबीयत लगातार बिगड़ने लगी. डॉक्टरों ने खानेपीने की चीजों में किसी हानिकारक पदार्थ की आशंका जताई.

CCTV से आया सच
इसपर शक घर के भीतर ही पहुंच गया. हिमांशु का दावा है कि उनकी मां ने बहू को चाय में संदिग्ध पदार्थ मिलाते हुए देखा. इसके बाद घर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए. पति का आरोप है कि कैमरों में पत्नी कई बार चाय में काले रंग का पदार्थ मिलाती दिखी. इतना ही नहीं, सिरिंज से रूम फ्रेशनर में भी संदिग्ध तरल पदार्थ मिलाने का दावा किया गया है. ये फुटेज और मेडिकल रिपोर्ट अब पुलिस के पास हैं.

क्या बोलीं सास?
हिमांशु की मां कहती हैं कि इकलौते बेटे की शादी बड़े अरमानों से की थी, लेकिन उन्हें नहीं पता था कि बहू आने के बाद उनका घर डर और तनाव का ठिकाना बन जाएगा. परिवार का आरोप है कि उन्हें खत्म कर संपत्ति पर कब्जा करने की साजिश रची जा रही थी. हालांकि, इन आरोपों की अभी जांच चल रही है

उधर, इस कहानी का दूसरा पहलू भी है. पत्नी पहले ही पति और उसके परिवार के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मुकदमा दर्ज करा चुकी है. अब पति की शिकायत पर भी मुकदमा दर्ज हो गया है. एसीपी कल्याणपुर का कहना है कि दोनों पक्षों के आरोप, सीसीटीवी फुटेज और सभी साक्ष्यों की निष्पक्ष जांच की जा रही है. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर कार्रवाई होगी.