Bhilwara News: राजस्थान के भीलवाड़ा शहर में मंगलवार शाम उस समय पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया, जब सदर थाना प्रभारी लोकपाल सिंह अपने सरकारी क्वार्टर में गंभीर हालत में लहूलुहान मिले. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल उपचार के लिए महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है.

गोली लगने की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी को गोली लगने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, पुलिस प्रशासन ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उन्हें गोली लगी है या चोट किसी अन्य कारण से आई है. पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर रही है और मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.

अस्पताल पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी

घटना की सूचना मिलते ही जिले के कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों से थाना प्रभारी के स्वास्थ्य की जानकारी ली. अधिकारियों ने घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है. पुलिस टीम सरकारी क्वार्टर और आसपास के इलाके की भी जांच कर रही है.

घटना की वजह अभी रहस्य

फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि गोली कैसे चली या घटना किन परिस्थितियों में हुई. यह भी स्पष्ट नहीं है कि मामला दुर्घटना का है, आत्महत्या के प्रयास का या किसी अन्य घटना का. पुलिस हर संभावित एंगल को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.

घटना को लेकर अभी तक पुलिस की ओर से कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है, जबकि पुलिस महकमे में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है.