Auraiya News: उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के बिधूना कोतवाली क्षेत्र के मलिकपुर गांव में बुधवार देर रात एक प्रेम प्रसंग को लेकर जमकर हंगामा हो गया. अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचे एक युवक को महिला के पति ने रंगे हाथ पकड़ लिया. इसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और मामला इतना बढ़ गया कि युवक की पिटाई तक कर दी गई. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने युवक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर अपने कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी.

पत्नी की मौत के बाद शुरू हुआ प्रेम संबंध

जानकारी के मुताबिक, पकड़ा गया युवक शादीशुदा था, लेकिन कुछ समय पहले उसकी पत्नी का निधन हो गया था. पत्नी की मौत के बाद उसका गांव की ही एक विवाहित महिला से प्रेम संबंध हो गया. दोनों के बीच लंबे समय से बातचीत और मुलाकातों का सिलसिला जारी था. ग्रामीणों का कहना है कि दोनों के रिश्ते की जानकारी महिला के परिवार और गांव के कई लोगों को पहले से थी.

देर रात चुपके से पहुंचा महिला के घर

बताया जा रहा कि बुधवार देर रात युवक मौका देखकर महिला से मिलने उसके घर पहुंच गया. दोनों की मुलाकात चल ही रही थी कि महिला के पति को घर में किसी बाहरी व्यक्ति की मौजूदगी का आभास हो गया. शक होने पर उसने घर की तलाशी ली और युवक को पकड़ लिया. युवक के पकड़े जाते ही पति ने शोर मचाना शुरू कर दिया, जिससे आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे.

ग्रामीणों की भीड़ जुटी, हुई मारपीट

शोर सुनते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला के घर के बाहर जमा हो गए. लोगों ने युवक से पूछताछ शुरू की, लेकिन देखते ही देखते मामला गरमा गया. कहासुनी के बीच कुछ लोगों ने युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी. मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया. इसी दौरान किसी ग्रामीण ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी.

पुलिस ने भीड़ से छुड़ाकर लिया कब्जे में

सूचना मिलते ही बिधूना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने किसी तरह युवक को भीड़ से सुरक्षित बाहर निकाला और अपने साथ थाने ले गई. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों से पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

पहले भी प्रेमिका से शादी की जिद में चढ़ चुका है टावर पर

ग्रामीणों के अनुसार, यह कोई पहला मामला नहीं है जब युवक अपने प्रेम संबंध को लेकर चर्चा में आया हो. करीब छह महीने पहले भी वह इसी महिला से शादी करने की जिद में गांव के पास स्थित हाईटेंशन लाइन के टावर पर चढ़ गया था. उस समय पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था. काफी मशक्कत के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने उसे नीचे उतारा था. तब युवक ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि वह गांव की एक महिला से प्रेम करता है और उसी से शादी करना चाहता है.

गांव में चर्चा का विषय बना मामला

अब एक बार फिर उसी प्रेम कहानी ने नया मोड़ ले लिया है. युवक के महिला के घर पहुंचने और पति द्वारा रंगे हाथ पकड़े जाने की घटना पूरे गांव में चर्चा का विषय बनी हुई है. वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों से मिली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की तैयारी में जुटी है.