बॉलीवुड के जानेमाने फिल्ममेकर अनुराग कश्यप और शुभ्रा शेट्टी का रिश्ता लंबे समय से लोगों की नजर में रहा है। दोनों करीब एक दशक से साथ हैं, लेकिन शादी के सवाल पर दोनों की सोच कुछ अलग नजर आती है। हाल ही में जेनिस सिक्वेरा के साथ बातचीत में अनुराग और शुभ्रा ने अपने रिश्ते, उम्र के फासले और उन बदलावों के बारे में खुलकर बात की, जो इतने सालों में उनके रिश्ते के साथ आए हैं। बातचीत के दौरान जब अनुराग से पूछा गया कि क्या दोनों शादी करने के बारे में सोच रहे हैं, तो उनका जवाब काफी सीधा था। उन्होंने बताया कि शुभ्रा शादी जैसी चीज़ों में ज्यादा विश्वास नहीं रखतीं। लेकिन अनुराग के लिए शादी का टैग रिश्ते से ज्यादा महत्वपूर्ण नहीं है। उनके लिए असली बात यह है कि दोनों एकदूसरे के साथ खुश हैं और आगे भी साथ रहना चाहते हैं।

इंटरव्यू के दौरान आगे अनुराग ने कहा कि वह शुभ्रा के साथ रहकर खुश हैं और उनके लिए रिश्ता किसी औपचारिक नाम से ज्यादा मायने रखता है। उन्होंने उम्र बढ़ने के साथ आने वाली अपनी चिंताओं का भी जिक्र किया। फिल्ममेकर ने बातचीत में कहा कि जिंदगी में कई चीजें ऐसी हैं जिनके बारे में इंसान उम्र के साथ ज्यादा सोचने लगता है। उनकी सबसे बड़ी इच्छा यह है कि वह इतने स्वस्थ रहें कि अपने प्रिय लोगों के साथ ज्यादा से ज्यादा समय बिता सकें। उनकी बातों में एक तरह की भावुक ईमानदारी भी नजर आई। अनुराग के मुताबिक, जिंदगी ने उन्हें जो रिश्ता दिया है, वह उन्हें मंजूर है और वह किसी सामाजिक लेबल की वजह से इसे खोना नहीं चाहते। उनके लिए अभी सबसे जरूरी बात यही है कि जो दोनों के बीच है, वह बना रहे।

बातचीत में शुभ्रा ने भी अपने रिश्ते के शुरुआती दौर की एक बेहद निजी याद साझा की। उन्होंने बताया कि जब दोनों एकदूसरे के प्यार में पूरी तरह डूबे हुए थे और रिश्ते का शुरुआती ‘हनीमून फेज’ चल रहा था, तब उन्होंने अनुराग से कहा था कि प्यार में पड़ना उनकी जिंदगी की उन चीजों में शामिल था, जिन्हें वह एक बार अनुभव करना चाहती थीं। शुभ्रा ने मजाकिया अंदाज में यहां तक कह दिया था कि अगर उन्हें प्यार का अनुभव हो गया है, तो अब वह मर भी सकती हैं। शायद शुभ्रा के लिए यह उस पल की एक रोमांटिक और हल्कीफुल्की बात थी, लेकिन अनुराग ने इसे बिल्कुल अलग तरह से लिया। वह भावुक हो गए।

अनुराग ने शुभ्रा को बताया कि उन्हें इससे पहले कभी मौत से खास डर नहीं लगा था। लेकिन उनके साथ रिश्ता बनने के बाद पहली बार उन्हें लगा कि जिंदगी में ऐसा कोई है, जिसके लिए वह जीना चाहते हैं। शुभ्रा ने बाद में इस घटना को उनके रिश्ते को देखने का सबसे प्यारा तरीका बताया। उनकी नजर में अनुराग का वह भाव इस बात को दिखाता था कि रिश्ता उनके लिए सिर्फ साथ रहने या प्यार करने तक सीमित नहीं था, बल्कि उसने उनकी जिंदगी को देखने का नजरिया भी बदल दिया था।

जब भी बात आती है अनुराग और शुभ्रा के रिश्ते को लेकर तो अक्सर लोग उनकी उम्र के अंतर की चर्चा करते है। अनुराग की उम्र 53 साल है, जबकि शुभ्रा ने बातचीत में बताया कि वह 30 की हैं। ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। अनुराग ने स्वीकार किया कि समय बीतने के साथ वह इस अंतर को लेकर पहले से ज्यादा सचेत हुए। खासकर इसलिए क्योंकि शुभ्रा के चेहरे पर उम्र का असर ज्यादा दिखाई नहीं देता। उन्होंने बताया कि एक समय ऐसा भी आया जब वह इस उम्र के अंतर के बारे में इतना सोचने लगे कि उसे अपने दिमाग से निकालने की कोशिश करने लगे। उनके मुताबिक, जैसेजैसे उनकी उम्र बढ़ती गई और शुभ्रा लगभग वैसी ही नजर आती रहीं, उन्हें उम्र का फासला ज्यादा महसूस होने लगा।

अनुराग और शुभ्रा की कहानी सिर्फ एक फिल्ममेकर और उनकी पार्टनर की कहानी नहीं है। शुभ्रा ने अनुराग की प्रोडक्शन कंपनी Phantom Films में असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम किया था। दोनों को पहली बार 2015 में साथ देखा गया था। इसके बाद उनके रिश्ते को लेकर चर्चाएं शुरू हुईं और रिपोर्ट्स के मुताबिक, 2018 में दोनों ने अपने रिश्ते को सार्वजनिक तौर पर स्वीकार किया। करीब एक दशक साथ रहने के बाद भी दोनों के रिश्ते में शादी को लेकर कोई जल्दबाजी नजर नहीं आती। अनुराग की हालिया बातचीत से कम से कम इतना साफ है कि उनके लिए रिश्ते की अहमियत उसके नाम या सामाजिक मुहर से कहीं ज्यादा है।