फिनटेक कंपनी वन97 कम्युनिकेशंस को लेकर एक बड़ा वित्तीय अपडेट सामने आया है. एक तरफ कंपनी ने अपने शानदार तिमाही नतीजे पेश करते हुए मुनाफे में भारी उछाल दर्ज किया है, वहीं दूसरी तरफ इसके प्रमोटर अपनी करीब 5 फीसदी हिस्सेदारी बेचने जा रहे हैं.

ब्लॉक डील की तैयारी, डिस्काउंट पर मिलेंगे शेयर

CNBC के एक रिपोर्ट के मुताबिक, पेटीएम के संस्थापक विजय शेखर शर्मा की प्रमोटर इकाई ‘रेजिलिएंट एसेट मैनेजमेंट बी.वी.’ एक ब्लॉक डील के जरिए कंपनी में अपनी 4.98% तक हिस्सेदारी बेचने की तैयारी कर रही है. इस सौदे में 3% का बेस ऑफर रखा गया है, जिसे जरूरत पड़ने पर 1.98% तक और बढ़ाया जा सकता है. सबसे अहम बात यह है कि इस बिक्री के लिए शेयरों का न्यूनतम भाव 1,535.10 रुपये तय किया गया है.

अगर हम शेयर बाजार के आंकड़ों पर नजर डालें, तो 17 अगस्त 2026 को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर पेटीएम का शेयर 1,580.20 रुपये पर बंद हुआ था. यानी ये डील बाजार भाव से करीब 2.9% के डिस्काउंट पर होने जा रही है.

बंपर मुनाफे ने किया निवेशकों को खुश

पेटीएम ने अप्रैलजून 2026 तिमाही के बेहतरीन नतीजे जारी किए हैं. आंकड़ों के मुताबिक, कंपनी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 79% की जोरदार छलांग लगाकर 220 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. पिछले साल इसी समय कंपनी का मुनाफा 123 करोड़ रुपये था.

कंपनी ने पिछली तिमाही के मुकाबले भी अच्छी प्रगति की है. मार्च तिमाही के 183 करोड़ रुपये की तुलना में इस बार मुनाफे में 20% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. कमाई के मोर्चे पर भी कंपनी लगातार मजबूत हो रही है. कामकाज से होने वाला रेवेन्यू सालाना आधार पर 28% बढ़कर 2,448 करोड़ रुपये हो गया है.

यूपीआई से लेकर साउंडबॉक्स तक जबरदस्त ग्रोथ

पेटीएम का सबसे मजबूत पक्ष उसका पेमेंट नेटवर्क है. कंपनी का मर्चेंट ग्रॉस मर्चेंडाइज वैल्यू सालाना आधार पर 31% बढ़कर 7.1 लाख करोड़ रुपये हो गया है. यूपीआई ट्रांजैक्शन में तो 45% की बंपर तेजी आई है और यह 5.9 लाख करोड़ रुपये के पार निकल गया है. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। यह ग्रोथ इंडस्ट्री की औसत 20% की रफ्तार से दोगुनी है.

आज हर दुकान पर दिखने वाले पेटीएम साउंडबॉक्स की पहुंच भी लगातार बढ़ रही है. इन उपकरणों की संख्या बढ़कर 1.57 करोड़ हो गई है, जिसमें बीते एक साल में ही 27 लाख नए डिवाइस जुड़े हैं. इसके अलावा, हर महीने पेटीएम का इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों की संख्या 60 लाख बढ़कर 8 करोड़ के पार पहुंच गई है. मर्चेंट सब्सक्रिप्शन प्लान लेने वाले दुकानदारों की संख्या में भी 27 लाख का इजाफा हुआ है.