Ashoknagar News: मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले से एक दिल दहला देने वाली सनसनीखेज वारदात के बाद नए चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं. ईसागढ़ रोड पर फुटेरा चक इलाके के पास एक कार में युवक और युवती के खून से लथपथ शव बरामद हुए हैं. मृतका की पहचान मुस्कान जैन और युवक की पहचान रितिक सोनी के रूप में हुई है. शुरुआती जांच में सामने आया कि रितिक ने पहले बेहद बेरहमी से मुस्कान की गला रेतकर और कुल्हाड़ी से वार कर हत्या की और उसके बाद खुद को गोली से उड़ा लिया. वारदात को अंजाम देने से ठीक पहले रितिक ने युवती के परिजनों को दोनों के कई आपत्तिजनक फोटो और वीडियो वॉट्सऐप किए थे. पुलिस को कार से दो पन्नों के सुसाइड नोट और हथियार बरामद हुए हैं.

भाई के मोबाइल पर मुस्कान के 50 फोटो3 वीडियो भेजे
जानकारी के अनुसार, अशोकनगर की रहने वाली मुस्कान जैन बीते बुधवार रात करीब साढ़े 8 बजे घर से बिना बताए निकली थी. इसी बीच रात 9 बजकर 43 मिनट पर मुस्कान के चचेरे भाई वर्धमान जैन ने जैसे ही अपने मोबाइल का इंटरनेट ऑन किया तो वॉट्सऐप पर एक के बाद एक 50 से ज्यादा फोटो और तीन वीडियो आए. जब इन वीडियोफोटोज को डाउनलोड किया तो इन तस्वीरों में मुस्कान, रितिक सोनी नाम के युवक के साथ काफी क्लोज नजर आ रही थी. ये मैसेज खुद रितिक ने भेजे थे. आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो देखकर परिवार में हड़कंप मच गया. मुस्कान घर पर नहीं थी और उसका फोन भी नहीं लग रहा था. घबराए परिजन रात करीब 12 बजे कोतवाली थाने पहुंचे और गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई.
सड़क से 20 फीट नीचे मिली कार
शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने रितिक सोनी के मोबाइल लोकेशन को ट्रेस करना शुरू किया. देहात थाना प्रभारी भुवनेश शर्मा ने बताया कि रात करीब 3 बजे तक पुलिस टीम सर्चिंग करती रही. इस दौरान ईसागढ़ रोड पर महाना गांव के पास सड़क से करीब 20 फीट नीचे एक गड्ढे खेत में आई20 कार उतरी हुई दिखाई दी. कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त था और उसका हॉर्न लगातार बज रहा था. पुलिस ने जब कार का गेट खोला तो अंदर का नजारा भयानक था. ड्राइविंग सीट पर रितिक का शव पड़ा था और उसका सिर स्टीयरिंग पर टिका हुआ था, जिसके चलते हॉर्न बज रहा था. गेट खुलते ही रितिक के हाथ में फंसी अवैध पिस्टल नीचे गिर गई. वहीं बगल वाली सीट पर मुस्कान का शव लहूलुहान हालत में उल्टा पड़ा हुआ था.
कार के अंदर क्याक्या मिला?
पुलिस को छानबीन के दौरान कार के अंदर से जो सामान मिला, उसे देखकर हर कोई हैरान रह गया. रितिक पूरी प्लानिंग के साथ आया था. कार से एक अवैध पिस्टल, कुल्हाड़ी, पेपर कटर, सल्फास की गोलियां, पेट्रोल, चॉकलेट्स और दो पन्नों का सुसाइड नोट बरामद हुआ. कार के पिछले हिस्से की सीट जली हुई मिली, जिससे आशंका जताई जा रही कि रितिक ने कार में आग लगाने की कोशिश भी की थी. पुलिस के मुताबिक, रितिक यह अवैध पिस्टल सिवनी मालवा से खरीदकर लाया था.
रितिक ने लिखा था 2 पन्नों का सुसाइड नोट
पुलिस को कार से दो पन्नों का एक सुसाइड नोट मिला है. एसपी राजीव कुमार मिश्रा के मुताबिक, सुसाइड नोट में रितिक ने इस रिश्ते में खुद को मानसिक रूप से काफी प्रताड़ित होने की बात लिखी है. सुसाइड नोट में कई ऐसी बातें दर्ज हैं, जिससे साफ होता है कि वह इस प्रेमप्रसंग में काफी तनाव में था और इसी वजह से उसने इतनी खौफनाक प्लानिंग की. रितिक और मुस्कान के बीच लंबे समय से प्रेमप्रसंग था. दोनों ने इंदौर में साथ में पढ़ाई की थी और एक ही कंपनी में नौकरी भी की थी. रितिक के पिता राकेश सोनी शहर के प्रतिष्ठित सराफा व्यापारी हैं, जबकि मुस्कान के पिता विवेक जैन की जनरल स्टोर की दुकान है. पिछले कुछ समय से दोनों के बीच किसी बात को लेकर गहरी अनबन चल रही थी.
पोस्टमार्टम में रेप की पुष्टी नहीं
जिला अस्पताल के डॉक्टर राजकुमार जैतवार ने बताया कि डॉक्टरों के पैनल ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम किया है. युवती के सिर पर किसी भारी चीज से वार किया गया था, जिससे गहरा घाव था. इसके अलावा उसके गले की हड्डी के पास दो गहरे कट थे, जो मांसपेशियों की गहराई तक गए थे. नाक से भी खून बह रहा था. महिला डॉक्टरों की जांच में गर्भाशय ठीक मिला है और किसी भी तरह के यौन शोषण रेप जैसी स्थिति की पुष्टि नहीं हुई है. मौत का सही कारण जानने के लिए विसरा सुरक्षित रख लिया गया है. वहीं युवक के सिर में गोली लगने के निशान मिले हैं.
जांच के लिए SIT गठित
फिलहाल इस हाईप्रोफाइल और दिल दहला देने वाले मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने SIT का गठन किया है. इस 6 सदस्यीय विशेष जांच टीम में दो थाना प्रभारी, एक सबइंस्पेक्टर और साइबर एक्सपर्ट शामिल हैं. एफएसएल की टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस सुसाइड नोट, कॉल डिटेल्स और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.



