
मध्य प्रदेश के शिवपुरी में विधायक प्रीतम लोधी के बेटे ने 5 लोगों को थार से टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में 5 लोगों को चोट आई है। अब इस हादसे के बाद का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में विधायक प्रीतम लोधी के बेटे का वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने आलोचना शुरू कर दी है। विधायक के बेटे दिनेश लोधी पर लापरवाही से गाड़ी चलाने और 5 लोगों को टक्कर मारने का आरोप लगा है। वीडियो में दिनेश टक्कर लगने के लिए चोटिल लोगों को ही जिम्मेदार ठहरा रहा है।
क्या है वायरल वीडियो में
हादसे के बाद वायरल हुए वीडियो में दिनेश लोधी कह रहा है कि जब मैं हॉर्न दे रहा हूं और सायरन बजा रहा हूं तो गाड़ी को लहरा क्यों रहा है। इसके बाद दिनेश लोधी कहता है कि गाड़ी पर तीन-तीन लोग बैठकर लहरा रहे हो तो और क्या होगा। इसके बाद एक आदमी कहता हुआ सुनाई देता है कि जिन 5 लोगों को चोट लगी है, उनमें कुछ लोग सड़क पर चल रहे थे तो क्या वो भी गाड़ी लहरा रहे थे। इतना सुनने के बाद दिनेश लोधी चुप हो जाता है और वीडियो बनाने से मना करने लगता है।
केस दर्ज
इस घटना की जानकारी मिलने के बाद विधायक प्रीतम लोधी ने कहा कि विधायक के लिए उनका परिवार या उनका बेटा बड़ा नहीं होता है। प्रीतम लोधी ने अपने बेटे पर ऐक्शन लेने की बात कही और कहा कि कानून सबके लिए बराबर है। प्रीतम लोधी के पोस्ट के बाद पुलिस ने दिनेश लोधी पर मामला दर्ज कर लिया है।
पहले भी कर चुका है एक्सीडेंट
बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी का बेटा दिनेश लोधी पहले भी कांड कर चुका है। इससे पहले दिनेश लोधी ने स्कॉर्पियो से घर के बाहर खडी़ स्कूटी को टक्कर मार दी थी। इसमें दो साल के बच्चे की जान बची थी। बाद में सच सामने आया और पता चला कि विधायक के बेटे और परिवार में किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था, जिस वजह से यह घटना हुई थी। अब एक बार फिर से दिनेश ने 5 लोगों को कुचलते हुए कांड को दोहरा दिया है। पुलिस अब कार्रवाई कर रही है।