कार के अंदर सुकून से करिए टॉयलेट! इस कार के अंदर मिलेगा शौचालय, बटन दबाते ही नीचे से निकलेगा कमोड!


चीनी कार निर्माता Seres ने एक बेहद अनोखा और चौंकाने वाला पेटेंट फाइल किया है. इस पेटेंट में “इन-व्हीकल टॉयलेट” यानी कार के अंदर ही टॉयलेट की सुविधा देने का आइडिया सामने आया है. कंपनी के मुताबिक, यह फीचर खासतौर पर लंबे सफर, कैंपिंग या कार में रहने जैसी परिस्थितियों में यात्रियों की जरूरतों को पूरा करने के लिए बनाया गया है. यह टॉयलेट कार की पैसेंजर सीट के नीचे फिट होगा और जरूरत पड़ने पर बाहर निकल आएगा. यानी अब आपको लंबी ड्राइव के दौरान बार-बार गाड़ी रोकने की जरूरत नहीं पड़ेगी.

वॉयस कमांड से खुलेगा टॉयलेट
इस पेटेंट की सबसे खास बात यह है कि टॉयलेट को वॉयस कमांड से भी कंट्रोल किया जा सकता है. यानी आप सिर्फ बोलकर इसे एक्टिव कर सकते हैं. इसके अलावा एक बटन के जरिए भी इसे बाहर निकाला जा सकता है. टॉयलेट के साथ एक खास वेंटिलेशन सिस्टम भी दिया जाएगा, जिसमें फैन और एग्जॉस्ट पाइप होगा. इसका काम कार के अंदर बदबू को फैलने से रोकना है और उसे बाहर निकालना है.

वेस्ट मैनेजमेंट का भी खास इंतजाम
इस इन-कार टॉयलेट में वेस्ट को स्टोर करने के लिए एक टैंक दिया जाएगा, जिसे बाद में मैन्युअली खाली करना होगा. साथ ही इसमें हीटिंग एलिमेंट्स भी होंगे जो वेस्ट को सुखाने और उसकी बदबू कम करने में मदद करेंगे. जब टॉयलेट का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा, तो यह पूरी तरह सीट के नीचे छिप जाएगा. इससे कार के अंदर जगह की कोई कमी महसूस नहीं होगी और स्पेस का सही इस्तेमाल होगा.

क्या सच में आएगी ऐसी कार?
हालांकि Seres ने अभी तक ऐसी किसी कार को लॉन्च करने का ऐलान नहीं किया है, इसलिए यह साफ नहीं है कि यह फीचर भविष्य में असल कारों में देखने को मिलेगा या नहीं. लेकिन पेटेंट से यह जरूर साफ हो जाता है कि कंपनी नए और अलग आइडिया पर काम कर रही है. आजकल चीनी इलेक्ट्रिक कार कंपनियां अपने वाहनों में कई अनोखे फीचर्स जोड़ रही हैं, जैसे मसाज सीट, कराओके सिस्टम और इन-बिल्ट फ्रिज, ताकि वे मार्केट में अलग पहचान बना सकें.

पहले भी आ चुका है ऐसा कॉन्सेप्ट
कार में टॉयलेट का आइडिया पूरी तरह नया नहीं है. 1950 के दशक में Rolls-Royce Silver Wraith नाम की एक लग्जरी कार में भी टॉयलेट और टीवी जैसी सुविधाएं दी गई थीं. इससे यह पता चलता है कि कार कंपनियां लंबे समय से यात्रियों के आराम को बेहतर बनाने के लिए नए-नए प्रयोग करती रही हैं.

Seres की ग्लोबल मौजूदगी
Seres की पहचान खासतौर पर इलेक्ट्रिक SUV बनाने के लिए होती है. इसकी सब-ब्रांड Aito भी बड़े और एडवांस फीचर्स वाले वाहनों के लिए जानी जाती है. कंपनी की ज्यादातर बिक्री चीन में होती है, लेकिन अब यह यूरोप, अफ्रीका और मिडिल ईस्ट जैसे बाजारों में भी अपनी मौजूदगी बढ़ा रही है.

ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *