दिल्ली में ‘आग’ बरसा रहा आसमान, लगातार तीसरे दिन ‘लू’ का कहर!


नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में चिलचिलाती गर्मी का सितम जारी है। शनिवार को मौसम ने अपने सारे पिछले रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। इस दौरान शनिवार को साल का अब तक का सबसे अधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। दिल्ली के कई मौसम केंद्रों ने ‘लू’ की स्थिति दर्ज की है, हालांकि मौसम विभाग ने सोमवार से बुधवार तक बारिश का अनुमान जताया है जिससे दिल्लीवासियों को राहत की उम्मीद है।

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
शनिवार के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया था और रविवार के लिए भी इसी तरह का अलर्ट लागू रहेगा, जिसमें अलग-अलग स्थानों पर लू चलने की चेतावनी दी गई है। दिल्ली के आधिकारिक मानक केंद्र सफदरजंग वेधशाला ने शनिवार को अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो सामान्य से 5.1 डिग्री अधिक है। यह पिछले दिन के मुकाबले 0.9 डिग्री की वृद्धि है, जिससे यह ‘लू’ की श्रेणी में आ गया।

पिछले चार सालों में सबसे ज्यादा पारा
मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, लू तब घोषित की जाती है जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक हो और वह सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री अधिक दर्ज किया जाए।
दिल्ली में पिछले चार वर्षों में दर्ज किया गया यह सर्वाधिक तापमान है। इससे पहले 28 अप्रैल, 2022 को अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।

दिल्ली में कैसा रहा मौसम
सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक है। दिल्ली के अन्य मौसम केंद्रों पर भी अलग-अलग स्थानों पर लू की स्थिति दर्ज की गई। लोधी रोड में अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.6 डिग्री अधिक है। रिज केंद्र पर अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से 6.1 डिग्री ज्यादा है, जबकि आयानगर में अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.8 डिग्री अधिक है।

लू का लगातार तीसरा दिन
आईएमडी के अधिकारी ने स्पष्ट किया कि हालांकि बृहस्पतिवार को दिल्ली के केवल एक केंद्र पर लू की स्थिति बनी थी, लेकिन यह दो केंद्रों वाला मानक वास्तव में पूरे ‘हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली’ उप-मंडल के लिए लागू होता है। आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा, ‘बृहस्पतिवार को हरियाणा के रोहतक और दिल्ली के रिज केंद्र पर लू के मानक पूरे हुए थे, जिससे यह इस सीजन का पहला दिन बन गया। शनिवार लू का लगातार तीसरा दिन था।’

सोमवार को हो सकती है बारिश
इस बीच, मौसम विभाग ने रविवार के लिए भी ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। अधिकारी ने कहा, ‘ऐसी स्थिति रविवार तक जारी रहने की संभावना है। निचले क्षोभमंडल में पूर्वी हवाओं के चलने के प्रभाव से मंगलवार को अधिकतम तापमान में गिरावट आ सकती है, क्योंकि पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार से बहुत हल्की बारिश की संभावना है।’

लोगों को मिल सकती है गर्मी से राहत
मौसम विभाग के अनुसार, निचले क्षोभमंडल स्तर पर चलने वाली पूर्वी हवाओं के प्रभाव से मंगलवार को अधिकतम तापमान में गिरावट आ सकती है। सोमवार से हल्की बारिश, गरज के साथ छींटे और तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिससे बुधवार तक गर्मी से राहत मिल सकती है। अगले सप्ताह के अंत तक अधिकतम तापमान गिरकर 38-40 डिग्री सेल्सियस तक आने का अनुमान है। अगले कुछ दिनों तक न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *