मोनी वर्मा हत्याकांड: शराब के ‘QR कोड’ ने खोला खूनी राज, घर ले जाने की जिद बनी वजह!


कानपुर। Kanpur News: कानपुर के कैब चालक हर्ष ने दूसरी पत्नी मोनी की हत्या कर शव को बक्से में भरकर हाईवे किनारे फेंक दिया था। शराब के क्यूआर कोड और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने पति और उसके साथी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

प्रयागराज-कानपुर हाईवे किनारे कल्याणपुर गांव के समीप 15 अप्रैल को बक्से में मिला शव अमेठी की मोनी वर्मा (30) का था। मोनी की हत्या के आरोप में सोमवार को पुलिस ने दबौली निवासी पति हर्ष खियानी उर्फ बिट्टू और यशोदानगर निवासी उसके दोस्त यश गुप्ता को गिरफ्तार किया है।

दोनों को सोमवार दोपहर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। आरोप है कि कैब चालक पति ने गला घोटकर हत्या करने के बाद साथी की मदद से शव फेंका था। एसपी सत्यनारायण प्रजापति ने बताया कि बक्शे में बंद शव मिलने के बाद कोखराज पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की थी।

कार सवार हर्ष और उसका दोस्त यश को पकड़ा
घटना के खुलासे के लिए थाना पुलिस, एसओजी व सर्विलांस टीमों को लगाया गया था। सोमवार को मुखबिर की सूचना पर खोजरापुर गांव के पास से कार सवार हर्ष और उसके दोस्त यश को पकड़ा गया। पूछताछ में दोनों ने वारदात कुबूली। हर्ष ने बताया कि मोनी उसकी दूसरी पत्नी थी।

घर ले चलने का दबाव बना रही थी मोनी
एनजीओ में काम करती थी। तीन साल पहले उससे चोरी छिपे शादी करने के बाद उसे शारदा नगर में किराये के कमरे में रखा था, जबकि खुद पहली पत्नी और परिवार संग दबौली में रहता था। बीते कई दिनों से मोनी उस पर घर ले चलने का दबाव बना रही थी।

कार समेत चार मोबाइल फोन भी जब्त किए
इससे तंग आकर हत्या कर दी। आरोपियों की निशानदेही पर मृतका का हैंडबैग बरामद किया जिसमें दो मोबाइल फोन, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड और हेल्थ कार्ड मिले हैं। घटना में प्रयुक्त कार और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

ऐसे की थी हत्या
पुलिस पूछताछ में हर्ष ने बताया कि 15 अप्रैल को बाजार से बक्सा, कुनेन की गोलियां और पॉलिथीन खरीदी। मौका मिलते ही कमरे में मोनी को बेड पर गिराकर उसके ही दुपट्टे से गला कसकर हत्या कर दी। शव बक्से में बंद कर यश गुप्ता को बुलाया।

मृतका का हैंडबैग भी झाड़ियों में फेंका
उसको पैसों का लालच देकर साथ देने को राजी कर लिया। कार में शव रखकर प्रयागराज की ओर गए लौटते समय कोखराज थानाक्षेत्र के कल्याणपुर गांव के पास हाईवे किनारे बक्सा फेंककर फरार हो गए। पहचान छिपाने को मृतका का हैंडबैग भी झाड़ियों में फेंक दिया।

मृतका के कपड़ों पर चिपका था शराब का क्यूआर कोड
पुलिस को जब शव मिला था, तो उस पर शराब का क्यूआर कोड चिपका था। जांच में यह नमक फैक्टरी चौराहे के पास की दुकान का निकला। इसके बाद टीम ने यहां डेरा डाल कर आरोपियों की तलाश शुरू की। ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। इसी बीच सोमवार को वाहन चेकिंग के दौरान सटीक सूचना पर पुलिस ने हर्ष खियानी उर्फ बिट्टू और यश गुप्ता को पकड़ लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *