
धार. धार के तिरला बायपास पर ओवरलोड पिकअप पलटने से दस लोगों की मौत हो गई, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं। 40-45 लोग सवार थे। कई गंभीर घायल हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, राहत-बचाव कार्य जारी है।
धार जिले के तिरला बायपास पर बुधवार रात एक हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया है, जिसमें अब तक दस लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। यह दर्दनाक दुर्घटना चिकलिया स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास हुई, जब मजदूरों से भरा एक पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन में क्षमता से अधिक करीब 40 से 45 मजदूर सवार थे। वाहन के पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।
इस भीषण हादसे में मृतकों में बच्चों के भी शामिल होने की खबर है, जिससे घटना और भी दुखद हो गई है। घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कई की हालत नाजुक बनी हुई है। प्रशासन द्वारा राहत और बचाव कार्य जारी है।