‘​​​​​UP के इस रेलवे स्टेशन पर मची भगदड: प्लेटफार्म बदलते ही मची अफरा-तफरी, 2 डिप्टी स्टेशन मास्टर सस्पेंड​​​..

UP के इस रेलवे स्टेशन पर मची भगदड: प्लेटफार्म बदलते ही मची अफरा-तफरी, 2 डिप्टी स्टेशन मास्टर सस्पेंड
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर रेलवे स्टेशन में अचानक ट्रेन के प्लेटफार्म बदलते ही मची भगदड़: Image Credit Original Source

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म बदलने की देरी से हुई घोषणा ने यात्रियों को खतरे में डाल दिया. लोकमान्य तिलक टर्मिनस ट्रेन पहले प्लेटफार्म नंबर 1 पर दिखाई गई, लेकिन अंतिम समय में उसे प्लेटफार्म नंबर 2 पर रोक दिया गया. अफरा-तफरी में यात्रियों ने ट्रैक पार किया और बड़ा हादसा टल गया.

Fatehpur Railway News: फतेहपुर रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को रेलवे प्रशासन की बड़ी लापरवाही सामने आई. मुंबई जाने वाली लोकमान्य तिलक टर्मिनस ट्रेन का प्लेटफार्म आखिरी समय में बदल दिए जाने से स्टेशन पर भगदड़ जैसे हालात बन गए. ट्रेन पकड़ने की जल्दबाजी में यात्रियों ने बच्चों और सामान के साथ रेलवे ट्रैक पार करना शुरू कर दिया. इस दौरान एक युवक ट्रेन की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने दो डिप्टी स्टेशन मास्टरों को निलंबित कर जांच शुरू कर दी है.

बोर्ड पर एक नंबर प्लेटफार्म, पहुंची दूसरे नंबर पर

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शुक्रवार को कानपुर सेंट्रल से लोकमान्य तिलक टर्मिनल जाने वाली ट्रेन अपने निर्धारित समय से करीब आधा घंटा देरी से फतेहपुर स्टेशन पहुंची. स्टेशन के इन्क्वारी बोर्ड और डिजिटल डिस्प्ले में ट्रेन का आगमन प्लेटफार्म नंबर 1 पर दिखाया गया था. इसी सूचना के आधार पर बड़ी संख्या में यात्री प्लेटफार्म नंबर 1 पर ट्रेन का इंतजार कर रहे थे.

 कई परिवार छोटे बच्चों और भारी सामान के साथ पहले से प्लेटफार्म पर मौजूद थे. लेकिन जैसे ही ट्रेन स्टेशन के आउटर के पास पहुंची, अचानक घोषणा हुई कि ट्रेन प्लेटफार्म नंबर 2 पर आएगी. यह सुनते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. लोगों को समझ नहीं आया कि इतने कम समय में प्लेटफार्म कैसे बदल गया.

ट्रेन पकड़ने की जल्दबाजी में यात्रियों ने पार किया रेलवे ट्रैक

ट्रेन छूटने के डर में यात्रियों ने फुट ओवर ब्रिज का इस्तेमाल करने के बजाय सीधे रेलवे ट्रैक पार करना शुरू कर दिया. कुछ ही मिनटों में प्लेटफार्म नंबर 1 से प्लेटफार्म नंबर 2 की ओर भागते यात्रियों की भीड़ दिखाई देने लगी. महिलाएं बच्चों को संभालते हुए दौड़ रही थीं जबकि कई यात्री भारी बैग और सामान लेकर ट्रैक पार कर रहे थे. इस दौरान स्टेशन पर बेहद खतरनाक स्थिति बन गई. 

रिपोर्ट्स के मुताबिक एक युवक ट्रेन में चढ़ने की जल्दी में ट्रेन के बेहद करीब पहुंच गया और उसकी जान पर बन आई. प्लेटफार्म पर मौजूद लोगों और रेलवे कर्मचारियों ने तेजी दिखाते हुए युवक को बाहर खींच लिया, जिससे वह हादसे का शिकार होने से बच गया.

रेलवे अधिकारियों की सफाई, हो सकते हैं तकनीकी कारण

घटना के बाद रेलवे प्रशासन पर गंभीर सवाल उठने लगे तो डीआरएम कार्यालय की ओर से सफाई जारी की गई. डीआरएम के पीआरओ अमित सिंह ने कहा कि कई बार तकनीकी कारणों से प्लेटफार्म बदलना पड़ता है. उन्होंने दावा किया कि यात्रियों को प्लेटफार्म परिवर्तन की सूचना समय से देने का प्रयास किया जाता है ताकि लोग सुरक्षित तरीके से दूसरे प्लेटफार्म तक पहुंच सकें.

बड़ी कार्रवाई, दो डिप्टी स्टेशन मास्टर निलंबित

मामले की गंभीरता को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने शनिवार को दो डिप्टी एसएस यानी उप स्टेशन अधीक्षक अर्चना और निशा देवी को निलंबित कर दिया. साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है. रेलवे विभाग के अनुसार स्टेशन संचालन और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना डिप्टी एसएस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होती है. इस कार्रवाई के बाद रेलवे विभाग में खलबली मची हुई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *