बार-बार बुलाने पर भी नहीं आया खान सर का स्टाफ, पुलिस ने कोचिंग पर चिपकाया नोटिस

पटना; पटना के खान सर कोचिंग सेंटर और ज्ञान बिंदु कोचिंग सेंटर विवाद मामले में पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है. रविवार को कदमकुआं थाना पुलिस ने खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग सेंटर पर एक नोटिस चिपका दिया. यह नोटिस कोचिंग के स्टाफ कन्हैया कुमार सिंह के नाम पर जारी किया गया है, जिन्हें पुलिस ने रविवार शाम 4:00 बजे तक हर हाल में थाने पहुंचकर जांच में सहयोग करने का समय दिया था. पुलिस का कहना है कि इस मामले में छानबीन और पूछताछ के लिए कन्हैया कुमार सिंह के साथ-साथ कोचिंग के दो अन्य स्टाफ अजीत कुमार और अंकित कुमार पांडेय को भी तलब किया गया है.

जांच में सहयोग नहीं करने का आरोप
पुलिस द्वारा चिपकाए गए इस नोटिस में लिखा गया है कि कन्हैया कुमार सिंह कदमकुआं थाना कांड संख्या 410/26 के तहत दर्ज मामले के जांच में पुलिस का सहयोग नहीं कर रहे हैं. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। पुलिस ने बताया कि इससे पहले भी उन्हें कई बार मौखिक, लिखित और अलग-अलग माध्यमों से पूछताछ के लिए बुलाया गया था, लेकिन इसके बावजूद वे अब तक पुलिस के सामने उपस्थित नहीं हुए हैं.

नोटिस में सख्त लहजे में चेतावनी दी गई है कि अगर वे बिना किसी उचित कारण के इस कानूनी आदेश का पालन नहीं करते हैं, तो उनके खिलाफ कानून के मुताबिक सख्त आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, जिसके लिए वे खुद जिम्मेदार होंगे. कन्हैया कुमार सिंह वही शख्स हैं जिन्होंने इस पूरे विवाद की शुरुआत में पुलिस को आवेदन दिया था, जिसके आधार पर ज्ञान बिंदु कोचिंग के रोशन आनंद और उनके भाई प्रिंस यादव को मुख्य अभियुक्त बनाया गया था.

आरोपी प्रिंस यादव की नेपाल में संदिग्ध मौत के बाद बढ़ाई गई सुरक्षा
इस हाई-प्रोफाइल मामले में मोड़ तब आया जब केस के नामजद आरोपी प्रिंस यादव की नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. एक तरफ जहां प्रिंस के बड़े भाई रोशन आनंद सर इस समय पटना की बेउर जेल में बंद हैं. प्रिंस यादव की अचानक हुई मौत ने इस पूरे मामले को बेहद पेचीदा और संवेदनशील बना दिया है. इसी संवेदनशीलता और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग सेंटर की सुरक्षा को पहले के मुकाबले काफी ज्यादा बढ़ा दिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *