3 महीने, 8 मौतें और साइको किलर… बलौदाबाजार के खरवे गांव में कब्र से निकले शवों ने खोल दी पूरी कहानी​

News Just Abhi Baloda Bazar News: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के कसडोल थाना क्षेत्र के खरवे गांव में पिछले तीन महीनों के दौरान हुई 8 रहस्यमयी मौतों के मामले में अब बड़ा खुलासा हुआ है. ग्रामीणों में दहशत का कारण बने इन मौतों के पीछे गांव के ही साइको सीरियल किलर रामसहाय जायसवाल का नाम सामने आया है. पुलिस ने रामसहाय जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया है. उसने पूछताछ के दौरान 8 हत्याओं की बात भी कबूल की. सभी को शराब में चूहे मारने की दवा मिलाकर पिलाई गई थी, लेकिन इन हत्याओं के पीछे का कारण जो रामसहाय जायसवाल ने बताया, वो काफी चौंकाने वाला था. रामसहाय जायसवाल ने बताया कि इन सभी की उससे किसी न किसी वजह से रंजिश थी. उसी का बदला लेने के लिए उसने हत्या की.

3 महीने, 8 मौतें और साइको किलर… बलौदाबाजार के खरवे गांव में कब्र से निकले शवों ने खोल दी पूरी कहानी​

3 महीने में 8 मौतों से दहशत में था गांव

खरवे गांव में बीते तीन महीनों के दौरान एक के बाद एक 8 लोगों की मौत हो गई थी. लगातार हो रही मौतों के कारण ग्रामीण भय और आशंका के माहौल में जी रहे थे. गांव में चर्चा थी कि सभी मृतक अपनी मौत से पहले आरोपी रामसहाय जायसवाल के साथ शराब पीते देखे गए थे. इसी आधार पर ग्रामीणों का शक गहराता गया. कुछ दिनों पहले बड़ी संख्या में ग्रामीण कसडोल थाने पहुंचे और रामसहाय जायसवाल के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई. शिकायत में आरोप लगाया गया कि वह शराब में जहरीला पदार्थ मिलाकर लोगों को पिला रहा था.

पुलिस ने कब्र से निकलवाए शव

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच टीम का गठन किया. फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम के लिए सात मृतकों के शव कब्र से निकलवाए गए. वहीं एक मृतक का पहले ही अंतिम संस्कार हो चुका था, जिसके कारण उसका शव परीक्षण नहीं कराया जा सका. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए शवों का दोबारा परीक्षण कराया और मामले की हर पहलू से जांच शुरू की.

जांच में सामने आया चौंकाने वाला सच

पुलिस जांच के दौरान यह जानकारी सामने आई कि आरोपी ने गांव के ही एक व्यक्ति से चूहे मारने के बहाने जहरीला पदार्थ लिया था. तकनीकी साक्ष्यों, फॉरेंसिक तथ्यों और गहन पूछताछ के बाद आरोपी रामसहाय जायसवाल ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतकों के साथ उसका किसी न किसी बात को लेकर विवाद था. इनमें गालीगलौज, पुरानी रंजिश, जमीन संबंधी विवाद, चुनावी मतभेद और पत्नी पर बुरी नजर रखने की आशंका जैसे कारण शामिल थे.

आरोपी के कबूलनामे से पुलिस भी हैरान

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने व्यक्तिगत दुश्मनी और विवादों के चलते लोगों को निशाना बनाया. आरोपी के कबूलनामे के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है. ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें पहले से ही रामसहाय पर शक था, लेकिन इतने बड़े खुलासे की उम्मीद किसी को नहीं थी. हालांकि पुलिस अभी भी मामले की विस्तृत जांच कर रही है. पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, ताकि सभी मौतों के पीछे की वास्तविक वजहों की पुष्टि की जा सके.

पुलिस अधीक्षक ने दी जानकारी

बलौदाबाजार पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर जांच की गई. तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. मामले में आगे की जांच जारी है और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *