कृष्णा अप्रा फ्यूचर स्टार अंडर15 चैंपियनशिप के चौथे दिन करीम कैपिटल चार्जर्स और मेरठ स्पार्टंस ने शानदार जीत दर्ज की।

KAFS U15 Tournament: कृष्णा अप्रा फ्यूचर स्टार अंडर15 चैंपियनशिप के चौथे दिन गेंदबाजों का दबदबा देखने को मिला। दोनों मुकाबलों में लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीमें 14 ओवर भी नहीं खेल सकीं और एकतरफा अंदाज में हार का सामना करना पड़ा। करीम कैपिटल चार्जर्स और मेरठ स्पार्टंस ने क्रमश: 92 और 91 रन से शानदार जीत दर्ज कर अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत की।

दिन के पहले मुकाबले में अरमान हुसैन ने बल्ले और गेंद दोनों से कमाल दिखाया, जबकि दूसरे मैच में आयान सिद्दीकी की घातक गेंदबाजी के आगे बहादुरगढ़ रॉयल्स की पूरी टीम टिक नहीं सकी। दोनों खिलाड़ियों को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

KAFS U15: अरमान हुसैन की ऑलराउंड चमक, करीम कैपिटल चार्जर्स ने 92 रन से जीता मैच

करीम कैपिटल चार्जर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 180 रन बनाए। अरमान हुसैन ने 46 गेंदों में नाबाद 63 रन की पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। वहीं सिद्धार्थ तोमर ने 24 गेंदों में 41 रन बनाकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई। जवाब में जयको पैंथर्स फरीदाबाद की टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही और 13.5 ओवर में 88 रन पर सिमट गई। युग ने 4 विकेट झटके, जबकि अरमान हुसैन ने भी 2 विकेट लेकर अपनी ऑलराउंड प्रदर्शन को पूरा किया। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

KAFS U15: मेरठ स्पार्टंस ने मुश्किल से उबरकर खड़ा किया मजबूत स्कोर

दूसरे मुकाबले में मेरठ स्पार्टंस की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम 41 रन तक 4 विकेट गंवा चुकी थी। इसके बाद रचित और यजुर तेवतिया ने पांचवें विकेट के लिए अहम साझेदारी कर टीम को संभाला। दोनों बल्लेबाजों की जिम्मेदार पारियों की बदौलत मेरठ स्पार्टंस ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 155 रन बनाए।

KAFS U15: आयान सिद्दीकी की घातक गेंदबाजी के आगे बिखरी बहादुरगढ़ रॉयल्स

156 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बहादुरगढ़ रॉयल्स की बल्लेबाजी पूरी तरह फ्लॉप रही। आयान सिद्दीकी ने अपने चार ओवर के स्पेल में सिर्फ 11 रन देकर 4 विकेट झटके और विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी। प्रखर ने 2 विकेट और अश्विन मावी ने भी 2 सफलताएं हासिल कीं। पूरी टीम 13 ओवर में केवल 64 रन पर ऑलआउट हो गई और मेरठ स्पार्टंस ने 91 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया। आयान सिद्दीकी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

KAFS U15: पांचवें दिन भी जारी रहेगा रोमांच

कृष्णा अप्रा फ्यूचर स्टार अंडर15 चैंपियनशिप का पांचवां दिन 28 जून को गाजियाबाद के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेला जाएगा। टूर्नामेंट में लगातार रोमांचक मुकाबले देखने को मिल रहे हैं और अब सभी की नजरें अगले दिन के मुकाबलों पर रहेंगी।