Featured Image

नई दिल्ली: दिल्ली के बुराड़ी इलाके में एक नाबालिग लड़की की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने काले रंग के सूटकेस से 17 वर्षीय लड़की का शव बरामद किया है। मामले में पुलिस ने मृतका के चचेरे भाई अविनाश को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में पुलिस को हत्या के पीछे ऑनर किलिंग का शक है, हालांकि हत्या की असली वजह और पूरी घटना की कड़ी अभी जांच के दायरे में है।

काले सूटकेस ने खोला हत्या का राज

स्पेशल स्टाफ, आउटर नॉर्थ जिला की टीम को सूचना मिली थी कि एक हत्या के मामले का आरोपी दिल्ली में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाकर मुकुंदपुर निवासी अविनाश को पकड़ लिया।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने एक नाबालिग लड़की की हत्या करने और उसके शव को सूटकेस में छिपाकर फेंकने की बात बताई। इसके बाद पुलिस आरोपी को उसकी निशानदेही पर बुराड़ी के अजीत विहार इलाके में ले गई।

वहां एक काले रंग के सूटकेस से लड़की का शव बरामद किया गया।

बिहार से दिल्ली लाई गई थी 17 साल की खुशबू

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान खुशबू , उम्र करीब 17 साल, के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि लड़की को कुछ दिन पहले बिहार से दिल्ली लाया गया था।

शुरुआती जांच में सामने आया है कि खुशबू बिहार में मोबाइल फोन पर किसी लड़के से बातचीत करती थी। उसके चचेरे भाई अविनाश को कथित तौर पर यह बात पसंद नहीं थी।

आरोप है कि इसी बात को लेकर अविनाश खुशबू को बहाने से दिल्ली लेकर आया। पुलिस को शक है कि दिल्ली आने के बाद भी लड़की किसी युवक से फोन पर संपर्क में थी, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।

गला दबाकर हत्या करने का आरोप

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, आरोपी पर अपनी चचेरी बहन की गला दबाकर हत्या करने का आरोप है। हत्या के बाद शव को सूटकेस में रखा गया और अजीत विहार इलाके में ठिकाने लगा दिया गया।

हालांकि, हत्या की पूरी परिस्थितियां और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं, इसका पता पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही चलेगा।

ऑनर किलिंग के एंगल से भी जांच

पुलिस फिलहाल मामले को कई एंगल से देख रही है। शुरुआती जांच में ऑनर किलिंग का एंगल सामने आया है, लेकिन इसे अभी अंतिम कारण नहीं माना गया है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से हत्या की पूरी टाइमलाइन तैयार करने में जुटी है।

पोस्टमार्टम से खुलेगा मौत का राज

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारण और उससे जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों की पुष्टि होने की उम्मीद है।

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की साजिश कब और कैसे रची गई, लड़की को बिहार से दिल्ली क्यों लाया गया और वारदात में आरोपी के अलावा किसी और की भूमिका थी या नहीं। मामले में आगे की जांच जारी है।