रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर में इन दिनों जबरदस्त बूम देखने को मिल रहा है. इसी कड़ी में पुणे की रिन्यूएबल एनर्जी कंपनी GK Energy के हाथ एक बड़ा जैकपॉट लगा है. राज्य सरकार की बिजली वितरण कंपनी ने GK Energy को 454.5 करोड़ रुपये का भारीभरकम ऑर्डर सौंपा है. इस बड़े प्रोजेक्ट के तहत कंपनी को पूरे राज्य में 1 लाख घरों की छतों पर सोलर सिस्टम इंस्टॉल करने की अहम जिम्मेदारी मिली है. इस खबर के सामने आते ही शेयर बाजार में कंपनी के शेयरों की जमकर खरीदारी शुरू हो गई.

1 लाख घरों की छत पर लगाएगी सोलर पैनल

इस सरकारी ऑर्डर के मुताबिक कंपनी को हर घर पर 1 किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाना है. इसका सीधा मतलब है कि पूरे प्रोजेक्ट की कुल क्षमता 100 मेगावाट होगी. सरकार की तरफ से कंपनी को प्रति किलोवाट 45,450 रुपये का भुगतान किया जाएगा. इस रकम में जीएसटी भी शामिल है. खास बात ये है कि कंपनी का काम सिर्फ पैनल लगाकर छोड़ देना नहीं है. प्रोजेक्ट की डिजाइनिंग से लेकर इंजीनियरिंग, जरूरी सामान की सप्लाई, इंस्टॉलेशन, टेस्टिंग के साथ सिस्टम चालू करने की पूरी जिम्मेदारी GK Energy की ही होगी. इसके अलावा कंपनी को अगले 5 सालों तक इन सभी 1 लाख सोलर सिस्टम का ऑपरेशन के साथ मेंटेनेंस भी करना होगा. हर घर का काम संबंधित वर्क ऑर्डर मिलने के महज 60 दिनों के भीतर पूरा करना जरूरी है.

मुनाफे के बीच मार्जिन ने बढ़ाई चिंता

GK Energy के वित्तीय नतीजों पर नजर डालें तो पहली तिमाही में कंपनी का प्रदर्शन शानदार रहा है. जून तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 54% की छलांग लगाकर 57 करोड़ रुपये हो गया. पिछले साल इसी अवधि में ये मुनाफा महज 37 करोड़ रुपये था. रेवेन्यू के मोर्चे पर भी कंपनी ने 55.4% की तगड़ी ग्रोथ दर्ज करते हुए 505 करोड़ रुपये का आंकड़ा छुआ है. हालांकि, इन शानदार आंकड़ों के बीच एक छोटी सी चिंता भी है. कंपनी का EBITDA 44% बढ़कर 82.4 करोड़ रुपये तो हुआ, लेकिन EBITDA मार्जिन 17.6% से गिरकर 16.3% पर आ गया. मार्जिन में आई ये गिरावट बताती है कि बिक्री के साथ कंपनी के खर्चे भी तेजी से बढ़े हैं. प्रॉफिट बिफोर टैक्स भी 50.5 करोड़ रुपये से बढ़कर 80.3 करोड़ रुपये हो गया है.

शेयर में आज 6.83% की शानदार तेजी

कंपनी मुख्य रूप से सोलर प्रोजेक्ट्स का EPC काम करती है. इसके साथ सोलर सेल व अन्य प्रोडक्ट्स की ट्रेडिंग भी इसके बिजनेस का अहम हिस्सा है. पहली तिमाही में EPC कारोबार से ही कंपनी को सबसे ज्यादा रेवेन्यू मिला है. बड़े सरकारी ऑर्डर के साथ दमदार नतीजों का सीधा असर स्टॉक मार्केट में देखने को मिला. बुधवार को GK Energy का शेयर 6.83% की शानदार तेजी के साथ 134.81 रुपये पर बंद हुआ. पिछले छह महीनों में इस शेयर ने अपने निवेशकों को करीब 18.62% का रिटर्न दिया है. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। हालांकि, पिछले एक साल का ट्रैक रिकॉर्ड देखें तो स्टॉक 19.63% टूटा भी है. फिलहाल कंपनी का मार्केट कैप 2.73 हजार करोड़ रुपये है.

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए. TV9 भारतवर्ष अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है.