Kanpur News: रक्षाबंधन के त्योहार पर कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र के पुरवामीर गांव में दर्दनाक हादसा हो गया. यहां घर के आंगन में अचानक जमीन धंसने से यशी सविता करीब 20 से 22 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरी. हादसे के बाद परिवार में चीखपुकार मच गई. कई घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद यशी को बाहर निकाला गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

पूजा की थाली लेकर निकली थी यशी

परिजनों के मुताबिक, रक्षाबंधन के दिन घर में त्योहार की तैयारियां चल रही थीं. यशी पूजा की थाली लेकर घर से बाहर आंगन की तरफ निकली थी. बताया जा रहा है कि वह बाथरूम से निकलकर अपने मातापिता को बुलाने जा रही थी. इसी दौरान अचानक आंगन की जमीन धंस गई. देखते ही देखते यशी मिट्टी के साथ गहरे गड्ढे में समा गई. घटना के बाद परिवार के लोगों ने शोर मचाया. यशी को बचाने के लिए आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए.

ये भी पढे़ं

करीब 20 से 22 फीट गहरा था गड्ढा

हादसे की सूचना मिलते ही महाराजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. फायर ब्रिगेड की टीम को भी बुलाया गया. शुरुआत में ग्रामीणों ने अपने स्तर पर युवती को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन गड्ढा काफी गहरा होने के कारण रेस्क्यू में मुश्किल आई. बाद में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीमों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. टीमों ने बेहद सावधानी के साथ गड्ढे के आसपास खुदाई की, ताकि मिट्टी दोबारा न धंसे और युवती तक सुरक्षित पहुंचा जा सके.

22 फीट तक खुदाई के बाद निकाली गई यशी

रेस्क्यू टीमों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद करीब 22 फीट तक खुदाई की. इसके बाद यशी को गड्ढे से बाहर निकाला गया. उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. यशी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. रक्षाबंधन के दिन हुए इस हादसे से पूरे गांव में मातम पसर गया.

3 साल पहले कराई गई थी बोरिंग

परिजनों ने बताया कि करीब तीन साल पहले घर के आंगन में बोरवेल के लिए बोरिंग कराई गई थी. वहां काम सफल नहीं हुआ तो बाद में घर के बाहर दूसरी जगह बोरिंग कराई गई. परिवार को आशंका है कि पुराने बोरिंग वाले हिस्से की जमीन अंदर से कमजोर हो गई थी. हाल में हुई तेज बारिश के बाद मिट्टी और कमजोर हुई और अचानक जमीन धंस गई. हालांकि, जमीन धंसने की सही वजह अभी स्पष्ट नहीं है. इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.

बहन ने बताया कैसे हुआ हादसा?

यशी की बहन रुचि ने बताया कि यशी मम्मीपापा को बुलाने के लिए पूजा की थाली लेकर घर से निकली थी. इसी दौरान आंगन की मिट्टी अचानक धंस गई और यशी गड्ढे में गिर गई. घटना के बाद परिवार के लोगों ने मदद के लिए आवाज लगाई. शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए. देखते ही देखते घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई.

रक्षाबंधन की खुशियां मातम में बदलीं

रक्षाबंधन के त्योहार पर जहां घर में खुशियों का माहौल था, वहीं अचानक हुए इस हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं. यशी की मौत से परिजनों का रोरोकर बुरा हाल है. पुलिस और प्रशासन की टीम हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है. शुरुआती तौर पर पुराने बोरिंग और बारिश के कारण जमीन कमजोर होने की आशंका जताई जा रही है. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी.