लंबे समय से कर्ज के बोझ तले दबी वोडाफोन आइडिया ने अब शानदार वापसी की रणनीति तैयार कर ली है. कंपनी के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला ने 31वीं वार्षिक आम बैठक में एक ऐसा ऐलान किया है, जिसने बाजार विश्लेषकों का ध्यान अपनी ओर खींचा है. बिड़ला के मुताबिक, कंपनी अगले तीन सालों के भीतर 49,000 करोड़ रुपये का स्पेक्ट्रम बकाया चुकाने जा रही है. ये खबर उन बैंकों के लिए भी बड़ी राहत है, जिनसे कंपनी लंबे समय से फंड जुटाने की कोशिश कर रही है.

बकाया चुकाने का पूरा गणित

सरकार की तरफ से एजीआर देनदारियों में कटौती के बाद अब ये 49,000 करोड़ रुपये का स्पेक्ट्रम बकाया कंपनी के लिए सबसे बड़ी वित्तीय चुनौती बना हुआ है. बिड़ला ने स्पष्ट किया कि कंपनी का मौजूदा बैंक लोन अब सिर्फ 225 करोड़ रुपये रह गया है. उन्होंने कहा कि एजीआर भुगतान को वित्तीय वर्ष 2035 तक टाल दिया गया है. तय समय सीमा के अनुसार कंपनी को वित्तीय वर्ष 2027 में 7,000 करोड़, 2028 में 15,000 करोड़ तथा 2029 में 27,000 करोड़ रुपये का भुगतान करना है.

बाजार विश्लेषकों की चिंताएं

भले ही कंपनी ने बकाया चुकाने का वादा किया है, लेकिन बाजार के जानकारों को इस पर संदेह है. उनकी सबसे बड़ी चिंता ये है कि कंपनी इतनी बड़ी रकम का जुगाड़ कैसे करेगी. विशेषज्ञों का सवाल है कि क्या वोडाफोन आइडिया नेटवर्क विस्तार, कर्ज चुकाने तथा बढ़ते स्पेक्ट्रम भुगतान के लिए एक साथ पर्याप्त नकदी जुटा पाएगी. हालांकि कंपनी का कहना है कि वह स्पेक्ट्रम भुगतान के लिए किसी और मोहलत की मांग नहीं करेगी. उसकी योजना उच्च एबिटा , आंतरिक नकदी सृजन तथा नए बैंक फंड के जरिए इन देनदारियों को पूरा करने की है.

ऑपरेशनल मोर्चे पर मिली ताकत

वित्तीय वर्ष 2026 तक कंपनी ने 19,411 करोड़ रुपये का ऑपरेटिंग कैश फ्लो जनरेट किया था. कंपनी की ऑपरेशनल ताकत में भी अब सुधार दिख रहा है. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। बिड़ला ने बताया कि फरवरी से कंपनी के साथ लगातार नए ग्राहक जुड़ रहे हैं. 4G कवरेज अब 86 प्रतिशत से ज्यादा आबादी तक पहुंच चुका है. ब्रॉडबैंड टावरों की संख्या भी 2 लाख के पार हो गई है. वित्तीय वर्ष 2026 के अंत तक कंपनी के कुल 19.28 करोड़ ग्राहक थे, जिनमें करीब 12.9 करोड़ सिर्फ 4G5G यूजर हैं.

5G नेटवर्क का आक्रामक विस्तार

नेटवर्क के मोर्चे पर कंपनी 45,000 करोड़ रुपये का कैपिटल एक्सपेंडिचर प्रोग्राम चला रही है. मौजूदा समय में Vi की 5G सेवाएं 200 से ज्यादा शहरों में लाइव हो चुकी हैं. अगले दोतीन महीनों में इसे 450 शहरों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है. पिछले छह तिमाहियों में कंपनी ने 32,000 नए 4G साइट्स तथा 16,000 5G साइट्स जोड़े हैं, जिससे नेटवर्क क्षमता 47 प्रतिशत तक बढ़ गई है. इसके अलावा वित्तीय वर्ष 2026 में कंपनी ने 3,300 करोड़ रुपये जुटाए हैं. साथ ही वोडाफोन ग्रुप से 6,394 करोड़ रुपये के सेटलमेंट ने कंपनी की वित्तीय स्थिति को काफी मजबूत किया है.