
उत्तराखंड के हल्द्वानी में रामलीला मैदान के कथित ‘शुद्धीकरण’ को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी विवाद अब और तेज हो गया है. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के दो दिन बाद शुरू हुआ यह विवाद अब राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज FIR तक पहुंच गया है. कुछ दिन पहले राहुल गांधी ने कथित शुद्धीकरण की घटना को छुआछूत से जोड़ते हुए FIR दर्ज करने की मांग की थी. इसके बाद हल्द्वानी पुलिस ने राहुल गांधी के खिलाफ SC/ST एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया. पुलिस की इस कार्रवाई से कांग्रेस नाराज है और पार्टी ने अब राज्यभर में इसका जवाब देने की तैयारी की है.
कांग्रेस का कहना है कि वह इस कार्रवाई से डरने वाली नहीं है और जातिवादी मानसिकता के खिलाफ लड़ाई जारी रखेगी. पार्टी ने तय किया है कि 31 अगस्त को राज्य के सभी कोतवाली, थानों और रिपोर्टिंग चौकियों में तहरीर दी जाएगी. कांग्रेस कथित तौर पर रामलीला मैदान के ‘शुद्धीकरण’ और खरगे के अपमान का हवाला देते हुए भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग करेगी. इसके साथ ही कांग्रेस आज शुद्धीकरण यज्ञ के विरोध में प्रदर्शन भी करेगी.
कैसे शुरू हुआ रामलीला मैदान का विवाद?
यह पूरा विवाद हल्द्वानी के रामलीला मैदान में हुए कथित ‘शुद्धीकरण’ से जुड़ा है. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के दो दिन बाद मैदान में सफाई और हवन-पूजन किया गया था. ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। इस घटना को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गया. कुछ दिन पहले राहुल गांधी ने इस मामले को छुआछूत से जोड़ते हुए FIR दर्ज करने की मांग की थी. इसके बाद हल्द्वानी में उनके खिलाफ ही मामला दर्ज हो गया.
किसकी शिकायत पर राहुल गांधी के खिलाफ FIR?
पुलिस ने हल्द्वानी के जवाहर नगर निवासी अमित कुमार की शिकायत पर कोतवाली थाने में FIR दर्ज की है. अमित कुमार वाल्मीकि समुदाय से ताल्लुक रखते हैं और ‘श्री राम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास’ से जुड़े हुए हैं. यही संस्था रामलीला मैदान में कथित शुद्धीकरण से जुड़ी हुई है. अमित कुमार ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में कहा है कि 8 अगस्त को कांग्रेस की रैली के बाद मैदान में कूड़ा-कचरा और आपत्तिजनक सामग्री मिली थी.
शिकायत में क्या कहा गया है?
शिकायत के मुताबिक, 11 अगस्त को अमित कुमार ने अनुसूचित जाति के सदस्यों के साथ मिलकर रामलीला मैदान की सफाई की. इसके बाद वहां हवन और पूजा की गई. अमित कुमार ने खुद को अनुसूचित जाति समुदाय से बताते हुए आरोप लगाया कि राहुल गांधी के बयान से उनकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है. पुलिस ने उनकी शिकायत के आधार पर राहुल गांधी के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
पुलिस ने क्या कहा?
हल्द्वानी के एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि राहुल गांधी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस की कार्रवाई के बाद यह विवाद अब सीधे भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक टकराव में बदल गया है.
कांग्रेस ने बीजेपी को कैसे लिया आड़े हाथों?
कांग्रेस महासचिव और उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा ने राहुल गांधी के खिलाफ FIR को लेकर भाजपा पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस डरने वाले नहीं हैं. शैलजा ने कहा कि कांग्रेस इस कार्रवाई का लोकतांत्रिक और कानूनी तरीके से जवाब देगी. उन्होंने कहा कि पार्टी जातिवादी मानसिकता के खिलाफ पूरी ताकत से लड़ाई जारी रखेगी.
कांग्रेस का आज क्या है प्लान?
कुमारी शैलजा की अध्यक्षता में हुई एक उच्चस्तरीय बैठक में कांग्रेस ने आगे की रणनीति तय की. पार्टी के मुताबिक, 31 अगस्त को सुबह 11 बजे राज्य की सभी कोतवालियों, थानों और रिपोर्टिंग चौकियों में तहरीर दी जाएगी. कांग्रेस असामाजिक तत्वों और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग करेगी. पार्टी कथित शुद्धीकरण यज्ञ के विरोध में प्रदर्शन भी करेगी.
दलित विभाग के अध्यक्ष करेंगे उपवास
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष मदन लाल भी इस मामले में विरोध जताएंगे. वह देहरादून स्थित पुलिस मुख्यालय पर उपवास पर बैठेंगे. मदन लाल ने कथित शुद्धीकरण की घटना को दलित नेता और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का अपमान बताया है.
कुमारी शैलजा ने क्या कहा?
कुमारी शैलजा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के खिलाफ FIR दर्ज होना कोई संयोग नहीं है. उन्होंने इसे भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की कथित ‘दलित विरोधी और संविधान विरोधी सोच’ का गंभीर उदाहरण बताया. शैलजा ने कहा कि राहुल गांधी ने वही सवाल उठाया था, जिसे मल्लिकार्जुन खरगे खुद संसद में उठा चुके हैं. उनके मुताबिक, खरगे ने कहा था कि कथित ‘शुद्धीकरण’ की घटना से उन्हें छुआछूत का एहसास हुआ और उनका अपमान हुआ. ‘शुद्धीकरण पर सवाल उठाओ तो FIR’
कांग्रेस नेता ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इस मामले में सवाल उठाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है. शैलजा ने कहा कि शुद्धीकरण करने वालों पर सवाल उठाने पर FIR, दलित सम्मान की बात करने पर FIR और संविधान के लिए आवाज उठाने पर FIR दर्ज की जा रही है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधते हुए सवाल किया कि वह पूरे मामले पर चुप क्यों हैं.
कांग्रेस का क्या है रुख?
कांग्रेस ने साफ किया है कि वह पूरे मामले का जवाब लोकतांत्रिक और कानूनी तरीके से देगी. पार्टी का कहना है कि वह कथित ‘शुद्धीकरण’ की जातिवादी मानसिकता के खिलाफ आवाज उठाती रहेगी. कांग्रेस ने दलितों के सम्मान और संविधान की रक्षा को भी अपनी लड़ाई का हिस्सा बताया है. वहीं, राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज FIR के बाद अब भाजपा और कांग्रेस के बीच यह विवाद उत्तराखंड की राजनीति में और ज्यादा गरमाता दिखाई दे रहा है.



