
CG: रायगढ़। जिले के धरमजयगढ़ क्षेत्र में कुछ दिनों पहले स्कूल से घर जा रही छात्राओं के सामने एक युवक द्वारा अश्लील गाना गाते हुए वीडियो बनाकर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट किया था। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था। SDOP सिद्दांत तिवारी ने मामले को संज्ञान में लेते हुए युवक को तलब किया।
युवक ने हाथ जोड़कर मांगी माफ़ी
धरमजयगढ़ पुलिस ने इंस्टाग्राम आईडी के आधार पर वीडियो बनाने वाले युवक जयदेव मंडल (25 वर्ष), पिता समरेत मंडल, निवासी धरमजयगढ़ कॉलोनी को बुलाकर वीडियो के संबंध में पूछताछ की। पूछताछ में युवक ने अपने मोबाइल से उक्त वीडियो बनाना स्वीकार किया। एसडीओपी सिद्दांत तिवारी ने युवक को सोशल मीडिया के जिम्मेदाराना उपयोग की समझाइश देते हुए बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं व छात्राओं को असहज करने वाले अशोभनीय कृत्य का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करना ठीक नहीं है। पुलिस की समझाइश पर युवक ने माफी मांगी और भविष्य में इस प्रकार की घटना नहीं करने की बात कही।
एसडीओपी ने दी समझाइश
एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी ने युवक को समझाइश देते हुए कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग सकारात्मक, जिम्मेदार और कानून के दायरे में रहकर किया जाना चाहिए। सोशल मीडिया पर किसी व्यक्ति की गरिमा को ठेस पहुंचाने, अश्लीलता फैलाने अथवा कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली सामग्री पोस्ट करने से बचना चाहिए।
रायगढ़ पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल द्वारा विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की लगातार निगरानी की जा रही है। ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। सोशल मीडिया पर भड़काऊ, अशोभनीय अथवा कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियां सामने आने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाती है।



