Featured Image

Madhya Pradesh News : मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के सौसर ब्लॉक से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपनी बेगुनाही साबित करने के लिए अंगारों पर नंगे पैर चलकर ‘अग्नि परीक्षा’ दी। महिला का आरोप है कि उसकी सास उस पर टोना-टोटका करने और अपने पति को वश में करने का शक करती थी। इसी आरोप को गलत साबित करने के लिए उसने यह कदम उठाया। यह घटना सौसर तहसील के ग्राम रामकोना में मोहर्रम के दौरान एक दरगाह पर हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला पर उसके परिजनों द्वारा आरोप लगाए जा रहे हैं और उसे निर्दोष साबित करने के लिए अंगारों पर चलने को कहा जा रहा है। इसके बाद महिला दो बार अंगारों पर चलती है। महिला ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उसके ससुराल पक्ष के लोग उस पर बेबुनियाद आरोप लगा रहे थे, जबकि उसने ऐसा कुछ नहीं किया है। उसने यह भी स्पष्ट किया कि उसने अपनी मर्जी से यह कदम उठाया और किसी ने उसे मजबूर नहीं किया।

वहीं दरगाह से जुड़े बाबा ने भी इस मामले में सफाई देते हुए कहा कि महिला को उसके परिवार द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा था और उसकी सहमति से ही यह कदम उठाया गया। ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। महिला के पति ने भी बताया कि परिवार में गलतफहमी थी, लेकिन अब उसकी मां को विश्वास हो गया है कि उसकी पत्नी निर्दोष है।

इस घटना के सामने आने के बाद कई सामाजिक संगठनों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है और बाबा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मानव अधिकार आयोग ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस से तीन सप्ताह के भीतर जवाब मांगा है। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।