चिता पर पकाया चिकन: यूपी में श्मशाम घाट के अंदर तीन लोगों ने कटोरे में बनाया

यूपी के शाहजहांपुर स्थित पुवायां क्षेत्र में अंतिम संस्कार के बाद जलती चिता पर मीट पकाने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

तीन लोग कटोरी में पका रहे थे मीट
यह मामला गांव नत्थापुर का है, जहां 19 सितंबर को वीरपाल के पिता छोटेलाल का बीमारी के कारण निधन हो गया था। अगले दिन 20 सितंबर को दोपहर में गांव के पास उनका अंतिम संस्कार किया गया। शाम को जब वीरपाल अपने परिजनों के साथ चिता देखने पहुंचे, तो उन्होंने वहां तीन लोगों को कटोरी में मीट पकाते हुए देखा।

मृतक के भाई ने किया विरोध तो की गाली-गलौज
वीरपाल ने विरोध किया तो गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। पुलिस पहुंची तो सभी भागने लगे। इस दौरान उन्होंने सुरेंद्र को मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद गांव के कई लोग एकत्र होकर थाने पहुंचे। उसने मामले की तहरीर पुलिस को दी थी। पुलिस ने रविवार रात में ही गांव नत्थापुर झंझटपुर निवासी रामचरन, राजेंद्र और सुरेंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। ये खबर आप जस्ट अभी में पढ़ रहे हैं। पुलिस ने सोमवार को राजेंद्र और रामचरन को भी गिरफ्तार कर लिया।

शराब के नशे में हो गई गलती…नहीं की कोई तंत्र क्रिया
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन लोगों से गलती हो गई। वे लोग तंत्र विद्या नहीं जानते हैं और न ही किसी के कहने पर कोई तंत्र क्रिया करने की कोशिश कर रहे थे। तीनों आरोपी हवालात में हाथ जोड़कर माफी मांगते दिखे। परिजनों ने बताया कि राजेंद्र के शराब पीने के कारण पत्नी से विवाद चल रहा था, उसने घर में दो दिनों से खाना नहीं खाया था। इसी कारण वह मीट लेकर आया और घर में बनाने की बजाय श्मशान घाट पर चला गया।

एक किलो चिकन लेकर आए थे आरोपी
आरोपी सुरेंद्र ने बताया कि राजेंद्र शराब के नशे में था और वह ही मुर्गे का एक किलो मीट लेकर आया था। चिता पूरी जल चुकी थी लेकिन आग थी। उसी आग पर वह कटोरे में मीट बनाने लगा। उसने मना किया लेकिन राजेंद्र ने कहा कि अब आग ही बची है, कोई दिक्कत नहीं है। शराब के नशे में होने के कारण राजेंद्र ने उसकी बात नहीं मानी।